KNEWS DESK – बॉलीवुड की सबसे चर्चित फिल्मों में शामिल ‘रामायण’ को लेकर दर्शकों के बीच जबरदस्त उत्साह बना हुआ है। रणबीर कपूर, यश और साई पल्लवी जैसे बड़े सितारों से सजी इस मेगा बजट फिल्म को भारतीय सिनेमा का सबसे महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट माना जा रहा है। अब फिल्म में मंदोदरी का किरदार निभा रहीं काजल अग्रवाल ने इस प्रोजेक्ट को लेकर बड़ा बयान दिया है।
हाल ही में दिए एक इंटरव्यू में काजल अग्रवाल ने कहा कि ‘रामायण’ सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि भारतीय सिनेमा के लिए एक नया अनुभव साबित होने वाली है। उनके मुताबिक यह तकनीकी रूप से बेहद भव्य प्रोजेक्ट है और भारत में इस स्तर का काम पहले कभी नहीं देखा गया। उन्होंने कहा कि एक कलाकार के तौर पर भी उनके लिए यह अनुभव पूरी तरह नया और खास है।
काजल अग्रवाल फिल्म में रावण की पत्नी मंदोदरी के किरदार में नजर आएंगी। वहीं रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका निभा रहे हैं। फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी कर रहे हैं, जिन्होंने इससे पहले ‘दंगल’ जैसी सुपरहिट फिल्म बनाई थी।
‘रामायण’ को दो भागों में तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट्स के अनुसार इसका कुल बजट 4000 करोड़ रुपये से अधिक है, जिससे यह भारतीय सिनेमा की अब तक की सबसे महंगी फिल्म बन गई है। मेकर्स इसे दुनियाभर में कई भाषाओं में रिलीज करने की तैयारी कर रहे हैं।
काजल अग्रवाल के वर्कफ्रंट की बात करें तो वह जल्द ही ‘द इंडिया स्टोरी’ में भी नजर आने वाली हैं। इसके अलावा वह तेलुगू सुपरस्टार नंदमुरी बालाकृष्ण की आगामी फिल्म में भी अहम भूमिका निभा रही हैं।
फिलहाल फैंस की निगाहें ‘रामायण’ पर टिकी हैं, जिसे भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे बड़ी फिल्मों में से एक माना जा रहा है। फिल्म का पहला भाग दिवाली पर रिलीज होने की तैयारी में है, जबकि दूसरा भाग 2027 की दिवाली पर सिनेमाघरों में दस्तक देगा।