Knews Desk– गाजियाबाद के खोड़ा थाना क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड के बाद प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। इसी क्रम में सोमवार को मोदीनगर के बेगमाबाद इलाके में प्रशासन और पुलिस की संयुक्त टीम ने नगर पालिका की भूमि पर बने अवैध निर्माणों पर बुलडोजर चलाया। कार्रवाई के दौरान 14 अवैध दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया, जबकि कब्जाधारियों पर कुल 2 करोड़ 23 लाख रुपये का जुर्माना भी लगाया गया।
यह अभियान एसडीएम अजीत सिंह के नेतृत्व में चलाया गया। प्रशासनिक अधिकारियों के अनुसार संबंधित दुकानदारों को पहले ही नोटिस जारी कर दो दिन का समय दिया गया था। नोटिस मिलने के बाद कई लोगों ने कार्रवाई की आशंका के चलते देर रात स्वयं ही अपनी दुकानों का सामान और अस्थायी ढांचा हटाना शुरू कर दिया था। इसके बावजूद मौके पर मौजूद अवैध निर्माणों को सोमवार सुबह नगर पालिका और राजस्व विभाग की टीम ने बुलडोजर की मदद से जमींदोज कर दिया।
कार्रवाई के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस और प्रशासन की मौजूदगी में पूरा अभियान शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और किसी प्रकार के विरोध या अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली।
एसडीएम अजीत सिंह ने बताया कि नगर पालिका की सरकारी भूमि पर किए गए अवैध कब्जों को नियमानुसार हटाया गया है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि सरकारी जमीन पर अतिक्रमण किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। भविष्य में भी ऐसे मामलों में कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।
वहीं, डीसीपी ग्रामीण सुरेंद्र नाथ तिवारी भी मौके पर मौजूद रहे और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी करते रहे। प्रशासन का कहना है कि जिले में सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और अवैध कब्जाधारियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।