300 करोड़ क्लब में एंट्री के करीब सूर्या की ‘करुप्पु’, तमिलनाडु में रचा इतिहास

KNEWS DESK – साउथ सुपरस्टार सूर्या की फिल्म ‘करुप्पु’ बॉक्स ऑफिस पर लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। रिलीज के तीन हफ्ते बाद भी फिल्म दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में सफल रही है। इसी के साथ यह फिल्म सूर्या के करियर की सबसे बड़ी हिट फिल्मों में शामिल हो गई है। अब फिल्म 300 करोड़ रुपये के वर्ल्डवाइड कलेक्शन के बेहद करीब पहुंच चुकी है।

फिल्म की सफलता का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि तमिलनाडु में ही इसका कारोबार 175 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। मेकर्स ने हाल ही में एक नया पोस्टर जारी कर इस उपलब्धि की जानकारी साझा की। उन्होंने दर्शकों का आभार जताते हुए कहा कि यह मुकाम केवल ऑडियंस के प्यार और समर्थन की वजह से हासिल हो सका है।

21वें दिन भी जारी रही कमाई

बॉक्स ऑफिस ट्रैकिंग वेबसाइट सैकनिल्क के मुताबिक, फिल्म ने रिलीज के 21वें दिन भारत में लगभग 90 लाख रुपये का कारोबार किया। इस दौरान फिल्म के करीब 1860 शो चलाए गए। तमिल भाषा में फिल्म ने 85 लाख रुपये जबकि तेलुगु वर्जन ने 5 लाख रुपये की कमाई दर्ज की। तीसरे हफ्ते में भी फिल्म की ऑक्यूपेंसी करीब 18 प्रतिशत रही, जो इसकी मजबूत पकड़ को दर्शाती है।

वर्ल्डवाइड कलेक्शन पहुंचा 298 करोड़ के पार

फिल्म का कुल भारतीय नेट कलेक्शन 189 करोड़ रुपये से अधिक हो चुका है, जबकि ग्रॉस कलेक्शन 218 करोड़ रुपये के करीब पहुंच गया है। ओवरसीज मार्केट में भी फिल्म को शानदार रिस्पॉन्स मिला है, जहां यह करीब 80 करोड़ रुपये का कारोबार कर चुकी है। इसी के साथ फिल्म का कुल वर्ल्डवाइड कलेक्शन लगभग 298 करोड़ रुपये तक पहुंच गया है।

बजट से कई गुना ज्यादा कमाई

बताया जा रहा है कि ‘करुप्पु’ का बजट 130 से 150 करोड़ रुपये के बीच है। ऐसे में फिल्म अपनी लागत से काफी ज्यादा कमाई कर चुकी है और निर्माताओं के लिए बड़ा मुनाफे का सौदा साबित हुई है। फिल्म ने अपनी सबसे बड़ी कमाई रिलीज के तीसरे दिन की थी, जब इसके खाते में 28 करोड़ रुपये से ज्यादा आए थे।

अब सभी की नजरें आने वाले वीकेंड पर टिकी हैं। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर फिल्म इसी रफ्तार से आगे बढ़ती रही तो जल्द ही 300 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल होकर सूर्या के करियर में एक नया रिकॉर्ड दर्ज कर सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *