पटना फायरिंग केस में बड़ा मोड़, गार्ड्स गिरफ्तार, खान सर से पूछताछ

KNEWS DESK- पटना में 2 जून की रात हुए खान सर के कोचिंग सेंटर पर फायरिंग मामले में अब बड़ा नया मोड़ आ गया है। इस मामले में एक नया वीडियो सामने आने के बाद पुलिस की जांच और तेज हो गई है। वीडियो ज्ञान बिंदु कोचिंग की ओर से जारी किया गया है, जिसमें फायरिंग की घटना को लेकर नए दावे किए गए हैं।

वीडियो में दावा किया गया है कि विवाद के दौरान फायरिंग खान सर के गार्ड द्वारा की गई थी। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस तुरंत हरकत में आई और खान सर के कोचिंग सेंटर पहुंचकर वीडियो में दिख रहे दोनों गार्ड्स को हिरासत में ले लिया। इसके बाद दोनों को कदमकुआं थाने लाकर करीब 3 घंटे तक पूछताछ की गई, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के अनुसार, दोनों गार्ड्स ने पूछताछ में दावा किया है कि उन्होंने फायरिंग खान सर के निर्देश पर की थी। पुलिस ने उनके हथियार भी जब्त कर लिए हैं और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा गया है। इस मामले में वीडियो की सत्यता की जांच के बाद कदमकुआं थाने में नई FIR दर्ज की गई है।

इधर, पुलिस ने कोचिंग सेंटर के अंदर जाकर खान सर से भी पूछताछ की है। वहीं दूसरी तरफ, ज्ञान बिंदु कोचिंग के डायरेक्टर रौशन आनंद की रिहाई की मांग को लेकर छात्रों का प्रदर्शन तेज हो गया है। हजारों की संख्या में छात्रों ने कारगिल चौक तक कैंडल मार्च निकाला और रिहाई की मांग की।

गौरतलब है कि 2 जून की रात को कोचिंग सेंटर पर हमला हुआ था, जिसमें गार्ड की पिटाई, पत्थरबाजी और पोस्टर-बैनर फाड़ने के आरोप लगे थे। शुरुआत में खान सर ने फायरिंग का दावा किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपने बयान से दूरी बना ली थी।

इसके बाद दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर आरोप लगाए गए और FIR दर्ज हुई। फिलहाल नए वीडियो के सामने आने के बाद पूरा मामला फिर से जांच के केंद्र में आ गया है और पुलिस सभी पहलुओं की गहराई से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *