KNEWS DESK – साउथ सिनेमा की फिल्मों का बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन जारी है। इन दिनों अभिनेता सूर्या की फिल्म ‘करुप्पु’ और मोहनलाल की ‘दृश्यम 3’ दर्शकों के बीच खासा आकर्षण का केंद्र बनी हुई हैं। जहां ‘दृश्यम 3’ 200 करोड़ रुपये के क्लब में शामिल हो चुकी है, वहीं ‘करुप्पु’ अब 300 करोड़ रुपये के आंकड़े की ओर तेजी से बढ़ रही है।
रिलीज के दो सप्ताह बाद भी ‘करुप्पु’ की कमाई की रफ्तार धीमी नहीं हुई है। फिल्म ने अपने 15वें दिन भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 3 करोड़ रुपये से अधिक का कारोबार किया। इसके साथ ही भारत में फिल्म का कुल ग्रॉस कलेक्शन 171 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया है। वहीं विदेशों में भी फिल्म को शानदार प्रतिक्रिया मिल रही है और ओवरसीज मार्केट से यह 75 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर चुकी है।
दुनियाभर में फिल्म की कुल कमाई लगभग 274 करोड़ रुपये तक पहुंच गई है। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि अगर यही रफ्तार बनी रही तो फिल्म जल्द ही 300 करोड़ रुपये का आंकड़ा पार कर सकती है।
‘करुप्पु’ को तमिलनाडु के अलावा कर्नाटक, केरल और देश के अन्य हिस्सों में भी अच्छा रिस्पॉन्स मिल रहा है। फिल्म की मजबूत कहानी, एक्शन सीक्वेंस और सूर्या की दमदार परफॉर्मेंस को दर्शकों और समीक्षकों दोनों से सराहना मिली है। अभिनेत्री तृषा कृष्णन की मौजूदगी ने भी फिल्म की लोकप्रियता बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है।
इस शानदार प्रदर्शन के साथ ‘करुप्पु’ ने थलपति विजय की सुपरहिट फिल्म ‘सरकार’ को पीछे छोड़ दिया है। साल 2018 में रिलीज हुई ‘सरकार’ ने दुनियाभर में लगभग 249 करोड़ रुपये का कारोबार किया था। अब सूर्या की फिल्म इस आंकड़े को पार कर एक नया रिकॉर्ड अपने नाम कर चुकी है।
फिल्म ने पहले वीकेंड में ही शानदार शुरुआत की थी और उसके बाद लगातार स्थिर कमाई करते हुए बॉक्स ऑफिस पर अपनी पकड़ मजबूत बनाए रखी। यही वजह है कि ‘करुप्पु’ इस साल की सबसे सफल तमिल फिल्मों में शामिल होती नजर आ रही है।