रेलवे भर्ती बोर्ड ने जारी किया टेक्नीशियन ग्रेड-3 रिजल्ट, ऐसे चेक करें कट-ऑफ और मेरिट लिस्ट

KNEWS DESK- रेलवे भर्ती बोर्ड ने टेक्नीशियन ग्रेड-3 परीक्षा का परिणाम घोषित कर दिया है। अभ्यर्थी अब मेरिट लिस्ट, स्कोरकार्ड और कट-ऑफ ऑनलाइन चेक कर सकते हैं। चयनित उम्मीदवारों को अगले चरण में डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन औ मेडिकल टेस्ट से गुजरना होगा।

भारतीय रेलवे में सरकारी नौकरी का सपना देख रहे लाखों युवाओं के लिए बड़ी खबर सामने आई है। रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने टेक्नीशियन ग्रेड-3 भर्ती परीक्षा 2026 का रिजल्ट जारी कर दिया है। परीक्षा में शामिल उम्मीदवार अब अपने संबंधित आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर मेरिट लिस्ट, कट-ऑफ और स्कोरकार्ड देख सकते हैं।

इस भर्ती परीक्षा का आयोजन 6, 9 और 10 मार्च 2026 को कंप्यूटर आधारित टेस्ट (CBT) के माध्यम से किया गया था। देशभर से 15 लाख से अधिक अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में हिस्सा लिया था। परिणाम जारी होने के साथ ही सफल उम्मीदवारों की सूची भी प्रकाशित कर दी गई है।

कैसे चेक करें रिजल्ट?

उम्मीदवार सबसे पहले अपने क्षेत्रीय रेलवे भर्ती बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं। वहां “Technician Grade 3 Result 2026” लिंक पर क्लिक करें। मेरिट लिस्ट की पीडीएफ खुलने के बाद Ctrl+F की सहायता से अपना रोल नंबर खोज सकते हैं। यदि रोल नंबर सूची में मौजूद है, तो उम्मीदवार पीडीएफ डाउनलोड कर सुरक्षित रख सकते हैं।

स्कोरकार्ड में मिलेगी ये जानकारी

जारी किए गए स्कोरकार्ड में उम्मीदवार का नाम, रोल नंबर, रजिस्ट्रेशन नंबर, जन्म तिथि, आवेदन किया गया पद, आरआरबी जोन, नॉर्मलाइज्ड स्कोर, प्रो-रेटेड स्कोर, कैटेगरी विवरण और दस्तावेज सत्यापन के लिए पात्रता संबंधी जानकारी दर्ज होगी। अभ्यर्थियों को सलाह दी गई है कि वे सभी विवरणों को ध्यानपूर्वक जांच लें।

अगले चरण में क्या होगा?

मेरिट लिस्ट में स्थान पाने वाले उम्मीदवारों को अब डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन (DV) और मेडिकल एग्जामिनेशन के लिए बुलाया जाएगा। इन दोनों चरणों में सफल होने के बाद ही अंतिम नियुक्ति प्रक्रिया पूरी की जाएगी।

6,055 पदों पर होगी भर्ती

रेलवे भर्ती बोर्ड द्वारा जारी इस भर्ती अभियान के तहत टेक्नीशियन ग्रेड-3 के कुल 6,055 पदों को भरा जाएगा। इनमें इलेक्ट्रिकल, मैकेनिकल, वेल्डिंग, फिटर, मशीनिस्ट, कोच एवं वैगन, वर्कशॉप और एयर कंडीशनिंग सहित विभिन्न तकनीकी ट्रेड शामिल हैं।

उम्मीदवारों को सलाह दी गई है कि वे आगे की प्रक्रिया से जुड़ी सभी सूचनाओं के लिए समय-समय पर संबंधित आरआरबी की वेबसाइट पर नजर बनाए रखें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *