ट्विशा की मौत के बाद किससे हुई थी बात? गिरिबाला सिंह की कॉल डिटेल खंगालेगी SIT

Knews Desk -भोपाल की ट्विशा शर्मा मौत मामले में हर दिन नए खुलासे सामने आ रहे हैं। घटना के बाद से यह केस लगातार सुर्खियों में बना हुआ है। सीसीटीवी फुटेज, पति समर्थ सिंह का फरार होना और बाद में सरेंडर करना, साथ ही सास गिरिबाला सिंह के बयानों ने मामले को और ज्यादा उलझा दिया है। अब जांच की रफ्तार भी तेज हो गई है और केस सीबीआई को सौंपे जाने के बाद पीड़ित परिवार को न्याय की उम्मीद बढ़ गई है।

इसी बीच मामले की जांच कर रही एसआईटी ने कोर्ट में गिरिबाला सिंह की कॉल डिटेल रिकॉर्ड (CDR) को लेकर जवाब दाखिल किया है। एसआईटी ने अदालत को बताया कि गिरिबाला सिंह, समर्थ सिंह और ट्विशा शर्मा की 12 मई से 20 मई तक की कॉल डिटेल सुरक्षित रखने के लिए संबंधित मोबाइल कंपनियों को पत्र भेज दिए गए हैं। कंपनियों से डेटा मिलने के बाद उसे केस डायरी में शामिल किया जाएगा।

दरअसल, ट्विशा के परिवार की ओर से वकील अंकुर पांडे ने कोर्ट में अर्जी लगाकर CDR सुरक्षित रखने की मांग की थी। परिवार का आरोप है कि ट्विशा की मौत के बाद गिरिबाला सिंह ने कई लोगों से बातचीत की थी, जिनमें कुछ प्रभावशाली लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं।

परिजनों ने दावा किया था कि 13 मई, यानी ट्विशा की मौत के अगले दिन, गिरिबाला सिंह ने कई संदिग्ध कॉल किए थे। आरोप है कि उन्होंने जज स्तर के लोगों के अलावा सीसीटीवी लगाने वाले युवकों से भी संपर्क किया था।

इसी को आधार बनाते हुए परिवार ने मांग की है कि सभी संबंधित नंबरों की जांच की जाए। साथ ही कॉल रिकॉर्ड, टॉवर लोकेशन, व्हाट्सएप चैट, सोशल मीडिया कम्युनिकेशन, ईमेल, क्लाउड डेटा और अन्य डिजिटल सबूतों को तत्काल सुरक्षित किया जाए, ताकि जांच में किसी तरह की छेड़छाड़ न हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *