Knews Desk- अमेरिका द्वारा ईरान पर किए गए सैन्य हमलों के बाद अंतरराष्ट्रीय बाजार में हलचल तेज हो गई है, जिसका असर अब भारत के सर्राफा बाजार पर भी देखने को मिल रहा है। 26 मई को सोने और चांदी की कीमतों में बड़ी गिरावट दर्ज की गई। बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में उछाल के बीच निवेशकों का रुख बदलता नजर आया है।
मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने और चांदी दोनों की कीमतों में कमजोरी देखने को मिली। रिपोर्ट्स के मुताबिक चांदी की कीमत में करीब 3800 रुपये प्रति किलो तक की गिरावट दर्ज की गई, जबकि सोना भी फिसलकर लगभग 1.58 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम के स्तर पर पहुंच गया।

विशेषज्ञों का कहना है कि अमेरिका-ईरान तनाव के कारण कच्चे तेल की कीमतों में तेजी आई है। ब्रेंट क्रूड की कीमतों में लगभग 2 प्रतिशत तक उछाल देखा गया, जिससे महंगाई बढ़ने की आशंका और मजबूत हो गई है। इसी वजह से निवेशकों को डर है कि अमेरिकी फेडरल रिजर्व ब्याज दरों में कटौती की बजाय उन्हें लंबे समय तक ऊंचा बनाए रख सकता है। इसका असर सोने और चांदी जैसी कीमती धातुओं पर पड़ा है।
भारतीय बाजार में भी इसका सीधा असर देखने को मिला। दिल्ली, मुंबई, चेन्नई और कोलकाता समेत कई बड़े शहरों में 24 कैरेट और 22 कैरेट सोने की कीमतों में गिरावट दर्ज की गई। वहीं चांदी के दाम भी नीचे आए हैं।
बाजार विशेषज्ञों का मानना है कि आने वाले दिनों में सोने और चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव जारी रह सकता है। निवेशकों की नजर अब अमेरिका-ईरान तनाव, कच्चे तेल की कीमतों और अमेरिकी फेडरल रिजर्व की नीतियों पर टिकी हुई है।