Knews Desk– बकरीद से पहले मुंबई के मीरा रोड इलाके में बकरे की कुर्बानी को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। इस मुद्दे पर हिंदू और मुस्लिम संगठनों के बीच तनाव बढ़ गया, जबकि बीजेपी नेताओं ने भी इस मामले में खुलकर दखल दिया है। बीजेपी के कई विधायकों और नेताओं ने बीएमसी कमिश्नर को पत्र लिखकर हाउसिंग सोसाइटी और रिहायशी इलाकों में बकरों की कुर्बानी पर रोक लगाने की मांग की है।
रेजिडेंशियल सोसाइटी में कुर्बानी ना देने की मांग
बीजेपी नेताओं का कहना है कि रेजिडेंशियल सोसाइटी में कुर्बानी करने से दूसरे धर्म के लोगों को परेशानी होती है और इससे कानून-व्यवस्था बिगड़ने का खतरा बढ़ जाता है। पूर्व सांसद किरीट सोमैया समेत कई नेताओं ने मांग की है कि खुले या रिहायशी इलाकों में कुर्बानी की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए।
विवाद की शुरुआत मीरा रोड की पूनम क्लस्टर सोसाइटी से हुई, जहां मुस्लिम समुदाय की ओर से बकरों के लिए बनाए गए अस्थायी शेड को स्थानीय नगर पालिका ने शिकायत मिलने के बाद तोड़ दिया। आरोप है कि इसके बाद दोबारा शेड बनाने की कोशिश हुई, जिससे दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। पहले कहासुनी हुई और फिर मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
विरोध करने वाले युवक पर ब्लेड से हमला
कुछ हिंदू संगठनों ने आरोप लगाया कि विरोध करने वाले एक युवक पर ब्लेड से हमला किया गया। वहीं पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। मीरा-भायंदर वसई-विरार पुलिस लगातार फ्लैग मार्च कर रही है ताकि माहौल शांत बना रहे।
दरअसल, बकरीद से पहले महाराष्ट्र में कुर्बानी को लेकर नियमों को सख्ती से लागू किया जा रहा है। प्रशासन का कहना है कि सिर्फ तय और अधिकृत स्थानों पर ही कुर्बानी की अनुमति होगी। इसी को लेकर मुंबई और आसपास के इलाकों में राजनीतिक और सामाजिक बहस तेज हो गई है।