KNEWS DESK- रणवीर सिंह इन दिनों फिल्म Don 3 को लेकर विवादों में घिर गए हैं। फिल्म के निर्माता-निर्देशक Farhan Akhtar ने Federation of Western India Cine Employees (FWICE) में अभिनेता के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई है। आरोप है कि रणवीर सिंह ने फिल्म की शूटिंग शुरू होने से महज तीन हफ्ते पहले प्रोजेक्ट छोड़ दिया, जिससे निर्माताओं को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।
FWICE की ओर से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में फिल्ममेकर Ashoke Pandit ने पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि फरहान अख्तर ने अपनी शिकायत में कहा है कि फिल्म की लगभग सारी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं और यूनिट शूटिंग के लिए रवाना होने वाली थी। इसी दौरान रणवीर सिंह ने अचानक फिल्म से बाहर होने का फैसला लिया।
अशोक पंडित के मुताबिक, शिकायत मिलने के बाद FWICE ने फरहान अख्तर और निर्माता Ritesh Sidhwani को चर्चा के लिए बुलाया। दोनों निर्माताओं ने फेडरेशन को बताया कि फिल्म की प्री-प्रोडक्शन पर अब तक लगभग 45 करोड़ रुपये खर्च किए जा चुके हैं। उनका कहना था कि इतने बड़े प्रोजेक्ट से किसी मुख्य अभिनेता का अचानक हटना पूरी योजना और शूटिंग शेड्यूल को प्रभावित कर सकता है।
FWICE ने बताया कि रणवीर सिंह को मामले में जवाब देने के लिए तीन बार नोटिस भेजा गया, लेकिन उनकी ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। हालांकि प्रेस कॉन्फ्रेंस की घोषणा के बाद अभिनेता की तरफ से एक ईमेल भेजा गया, जिसमें उन्होंने फेडरेशन से मुलाकात की इच्छा जताई। फेडरेशन का कहना है कि वे मामले को बातचीत के जरिए सुलझाने की कोशिश करेंगे।
FWICE के अध्यक्ष ने साफ कहा कि फिल्म इंडस्ट्री में कोई भी कलाकार नियमों से ऊपर नहीं है। उन्होंने कहा कि जब किसी फिल्म का काम रुकता है तो हजारों तकनीशियनों और वर्कर्स की रोजी-रोटी प्रभावित होती है। इसी वजह से फेडरेशन ने रणवीर सिंह के खिलाफ ‘नॉन-कॉपरेटिव डायरेक्टरी’ जारी करने का फैसला लिया है। इसका मतलब यह है कि जब तक अभिनेता फेडरेशन के साथ औपचारिक बातचीत नहीं करते, तब तक उनसे जुड़े कामों में सहयोग सीमित किया जा सकता है।
फेडरेशन ने इंडस्ट्री के विभिन्न क्राफ्ट और प्रोड्यूसर्स से भी अपील की है कि वे इस मुद्दे को गंभीरता से लें और संगठन के फैसले का समर्थन करें। FWICE का कहना है कि उसका उद्देश्य केवल निर्माताओं ही नहीं बल्कि फिल्म इंडस्ट्री के हजारों कर्मचारियों के हितों की रक्षा करना है।
वहीं रणवीर सिंह के वर्कफ्रंट की बात करें तो अभिनेता पिछली बार Dhurandhar और Dhurandhar 2 में नजर आए थे। दोनों फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन किया था। स्पाई-थ्रिलर फ्रेंचाइजी में रणवीर ने हमजा अली मजारी और जसकीरत सिंह रांगी जैसे किरदार निभाए थे। फिल्मों में Sanjay Dutt, R. Madhavan, Arjun Rampal और Akshaye Khanna समेत कई कलाकार अहम भूमिकाओं में दिखाई दिए थे।