दिल्ली में हुई संदीप सिंह और सौरभ सिंह की भव्य शादी, राष्ट्रपति मुर्मू समेत कई बड़े नेता हुए शामिल

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और बीजेपी के दिग्गज नेता रहे कल्याण सिंह के पौत्र एवं यूपी सरकार में मंत्री संदीप कुमार सिंह और उनके छोटे भाई सौरभ सिंह गुरुवार को दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में विवाह बंधन में बंध गए। शाम 7 बजे जयमाला की रस्म हुई। शादी समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और केंद्रीय मंत्री जितिन प्रसाद समेत कई दिग्गज शामिल हुए और नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया।

Sandeep And Saurabh Wedding X

इससे पहले दोनों भाइयों की सेहराबंदी की रस्म दिल्ली के द लीला पैलेस में हुई। इसके बाद शाम करीब 6 बजे नेहरू स्टेडियम के गेट नंबर एक से बारात निकली। संदीप सिंह ने मेघना चौधरी और सौरभ सिंह ने अंतरा त्यागी के साथ सात फेरे लिए। दोनों दूल्हों ने हल्के क्रीम रंग की कढ़ाईदार शेरवानी पहन रखी थी।

इस हाई प्रोफाइल शादी में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू, पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र, भूपेंद्र चौधरी और यूपी प्रभारी विनोद तावड़े समेत कई नेता भी पहुंचे। इसी जेएलएन स्टेडियम में शुक्रवार को रिसेप्शन होगा।

इससे पहले बुधवार को द लीला पैलेस में दोनों भाइयों की हल्दी की रस्म हुई थी, जबकि मंगलवार को अलीगढ़ में घुड़चढ़ी हुई थी। 14 नवंबर को अलीगढ़ के तालानगरी में दोनों भाइयों की शाही अंदाज में सगाई हुई थी, जिसमें करीब 100 बीघा क्षेत्र में भव्य कार्यक्रम स्थल बनाया गया था और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी शामिल हुए थे।

संदीप सिंह अतरौली से विधायक और यूपी सरकार में बेसिक शिक्षा राज्यमंत्री हैं। उनके दादा कल्याण सिंह यूपी के मुख्यमंत्री रहे हैं, जबकि पिता राजवीर सिंह सांसद रह चुके हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *