Knews Desk- उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) ने ग्रेटर नोएडा में ऑनलाइन परीक्षा में धांधली कराने वाले एक बड़े गिरोह का पर्दाफाश किया है। यह गिरोह कर्मचारी चयन आयोग (SSC) द्वारा आयोजित CAPF, SSF कांस्टेबल जीडी और असम राइफल्स राइफलमैन परीक्षा-2026 में अभ्यर्थियों को सेटिंग के जरिए पास कराने का काम कर रहा था। STF ने इस मामले में मास्टरमाइंड समेत सात लोगों को गिरफ्तार किया है।
एसटीएफ के मुताबिक, काफी समय से सूचना मिल रही थी कि कुछ लोग हाईटेक तकनीक का इस्तेमाल कर ऑनलाइन परीक्षाओं में धांधली कर रहे हैं। इसके बाद नोएडा यूनिट ने गुप्त तरीके से जांच शुरू की। जांच में सामने आया कि ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित “बालाजी डिजिटल ज़ोन” परीक्षा केंद्र पर बड़े पैमाने पर फर्जीवाड़ा चल रहा था।

22 मई को STF ने परीक्षा केंद्र पर छापा मारा और मौके से मुख्य आरोपी प्रदीप चौहान समेत सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में प्रदीप चौहान, अरुण कुमार, संदीप भाटी, निशांत राघव, अमित राणा, शाकिर मलिक और विवेक कुमार शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान STF ने आरोपियों के पास से करीब 50 लाख रुपये नकद, कई लैपटॉप, मोबाइल फोन और परीक्षा से जुड़े अहम दस्तावेज बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में पता चला है कि आरोपी अभ्यर्थियों से मोटी रकम लेकर परीक्षा में पास कराने का भरोसा देते थे। इसके लिए ऑनलाइन सिस्टम में तकनीकी छेड़छाड़ और अन्य हाईटेक तरीकों का इस्तेमाल किया जाता था।
एसटीएफ अब इस पूरे नेटवर्क की गहराई से जांच कर रही है। अधिकारियों का मानना है कि इस रैकेट के तार दूसरे राज्यों तक भी जुड़े हो सकते हैं। साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि परीक्षा केंद्र के अंदर और किन लोगों की मिलीभगत थी। मामले में आगे और गिरफ्तारियां होने की संभावना जताई जा रही है।