KNEWS DESK – साल 2026 में हॉलीवुड फिल्मों का जलवा भारतीय बॉक्स ऑफिस पर लगातार देखने को मिल रहा है। कई बड़ी भारतीय फिल्में जहां रिलीज के बाद दर्शकों को सिनेमाघरों तक खींचने में संघर्ष करती नजर आईं, वहीं दूसरी तरफ विदेशी फिल्मों ने कमाई के मामले में धमाकेदार प्रदर्शन किया है। इस वक्त सबसे ज्यादा चर्चा “किंग ऑफ पॉप” माइकल जैक्सन की बायोपिक फिल्म ‘माइकल’ की हो रही है, जिसने दुनियाभर में कमाई के रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं।
रिलीज के बाद से ही ‘माइकल’ को दर्शकों का शानदार रिस्पॉन्स मिला। हालांकि फिल्म को कुछ क्रिटिक्स ने नेगेटिव रिव्यू भी दिए थे। कई समीक्षकों का मानना था कि फिल्म में माइकल जैक्सन की जिंदगी के कुछ पहलुओं को पूरी तरह सही तरीके से नहीं दिखाया गया। बावजूद इसके, दर्शकों पर फिल्म का जादू लगातार बरकरार है और यही वजह है कि चौथे हफ्ते में भी यह फिल्म वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर नंबर-1 बनी हुई है।
भारत में भी फिल्म का प्रदर्शन लगातार मजबूत बना हुआ है। 25 दिनों में ‘माइकल’ ने भारतीय बॉक्स ऑफिस पर 60 करोड़ रुपये से ज्यादा की कमाई कर ली है, जबकि इसका ग्रॉस कलेक्शन करीब 73 करोड़ रुपये पहुंच चुका है। दिलचस्प बात यह है कि चौथे हफ्ते में पहुंचने के बाद भी फिल्म करोड़ों का कारोबार कर रही है और नई रिलीज फिल्मों को पीछे छोड़ रही है। यहां तक कि संजय दत्त की हालिया रिलीज ‘आखिरी सवाल’ भी कमाई के मामले में इससे पीछे चल रही है।
दुनियाभर की बात करें तो ‘माइकल’ का क्रेज और भी बड़ा दिखाई दे रहा है। रिपोर्ट्स के मुताबिक फिल्म ने अकेले नॉर्थ अमेरिका में 26 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की है। वहीं, ग्लोबल बॉक्स ऑफिस पर इसका कुल कलेक्शन 6746 करोड़ रुपये के पार पहुंच चुका है। इसी के साथ यह फिल्म इस साल की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो गई है।
फिल्म ने कमाई के मामले में कई रिकॉर्ड अपने नाम कर लिए हैं। यह अब तक की तीसरी सबसे ज्यादा कमाई करने वाली म्यूजिकल बायोपिक बन चुकी है। फिलहाल यह सिर्फ Oppenheimer और Bohemian Rhapsody से पीछे है। इन दोनों फिल्मों ने दुनियाभर में 900 मिलियन डॉलर से ज्यादा की कमाई की थी। ट्रेड एक्सपर्ट्स का मानना है कि ‘माइकल’ की रफ्तार को देखते हुए यह फिल्म जल्द ही उस आंकड़े को भी पार कर सकती है।
इतना ही नहीं, अगर फिल्म की कमाई इसी तरह जारी रही, तो यह दुनिया की पहली ऐसी बायोपिक बन सकती है जो एक अरब डॉलर का आंकड़ा छू ले। माइकल जैक्सन की लोकप्रियता और उनके फैंस का जबरदस्त क्रेज फिल्म को लगातार फायदा पहुंचा रहा है।
वहीं नॉर्थ अमेरिकन बॉक्स ऑफिस पर दूसरे नंबर पर फिल्म ‘द डेविल वियर्स प्राडा 2’ बनी हुई है, जिसने अमेरिका और कनाडा में शानदार ओपनिंग के साथ करोड़ों डॉलर की कमाई की है। इसके अलावा हॉरर फिल्म ‘ऑब्सेशन’ भी दर्शकों को पसंद आ रही है और बॉक्स ऑफिस पर तीसरे स्थान पर बनी हुई है।