अखिलेश यादव के भाई प्रतीक यादव का आज होगा अंतिम संस्कार, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में हुए कई अहम खुलासे

KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव के परिवार से जुड़ी एक दुखद खबर ने पूरे प्रदेश को शोक में डुबो दिया है। यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव के छोटे बेटे प्रतीक यादव का बुधवार को निधन हो गया। वह महज 38 वर्ष के थे।

प्रतीक यादव ने लखनऊ के सिविल अस्पताल में अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर सामने आते ही समाजवादी पार्टी कार्यकर्ताओं और यादव परिवार के समर्थकों में शोक की लहर दौड़ गई। आज लखनऊ के बैकुंठ धाम में उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में नेताओं और समर्थकों के पहुंचने की संभावना है।

प्रतीक यादव का पोस्टमार्टम King George’s Medical University में चार डॉक्टरों के विशेष पैनल द्वारा किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई गई और मौके पर फॉरेंसिक टीम के साथ एसडीएम स्तर के अधिकारी भी मौजूद रहे।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट के अनुसार, फेफड़ों की नसों में खून का थक्का जमने यानी पल्मोनरी एम्बोलिज्म के कारण उन्हें कार्डियक अरेस्ट आया, जिससे उनकी मौत हुई। डॉक्टरों ने आगे की जांच के लिए दिल और फेफड़ों से जुड़े कुछ नमूनों को सुरक्षित रखा है। इसके अलावा शरीर के कुछ अंगों को रासायनिक परीक्षण के लिए संरक्षित कर पुलिस को सौंप दिया गया है।

रिपोर्ट में यह भी सामने आया कि प्रतीक यादव के शरीर पर कुल छह और सिर पर पांच चोट के निशान पाए गए हैं। इनमें से कुछ चोटें छह से सात दिन पुरानी बताई गई हैं, जबकि कुछ निशान करीब एक दिन पहले के बताए गए हैं। हालांकि डॉक्टरों ने प्राथमिक कारण कार्डियक अरेस्ट को ही माना है।

प्रतीक यादव के निधन के बाद यादव परिवार गहरे सदमे में है। समाजवादी पार्टी के कई वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने उनके निधन पर दुख व्यक्त किया है। लखनऊ में आज होने वाले अंतिम संस्कार में बड़ी संख्या में लोगों के शामिल होने की संभावना है।

राजनीतिक और सामाजिक जगत से जुड़े कई लोगों ने सोशल मीडिया के जरिए श्रद्धांजलि अर्पित की है और परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *