PBKS vs DC: दिल्ली कैपिटल्स ने पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराया, लगातार चौथी हार से PBKS संकट में

KNEWS DESK- आईपीएल 2026 में दिल्ली कैपिटल्स ने एक बेहद अहम मुकाबले में पंजाब किंग्स को 3 विकेट से हराकर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जिंदा रखा है। धर्मशाला में खेले गए इस हाई-स्कोरिंग मैच में दिल्ली ने 211 रनों का बड़ा लक्ष्य 19 ओवर में हासिल कर लिया। इस जीत के साथ दिल्ली ने सीजन में अपनी पांचवीं जीत दर्ज की, जबकि पंजाब किंग्स को लगातार चौथी हार का सामना करना पड़ा।

यह मुकाबला दिल्ली के लिए ‘करो या मरो’ जैसा था, क्योंकि हार की स्थिति में टीम टूर्नामेंट से बाहर हो जाती। लेकिन कप्तान अक्षर पटेल, डेविड मिलर और युवा ऑलराउंडर माधव तिवारी की शानदार पारियों ने दिल्ली को यादगार जीत दिला दी।

धर्मशाला में पंजाब किंग्स ने धमाकेदार शुरुआत की। ओपनर प्रियांश आर्या ने पहली ही गेंद पर छक्का लगाकर आक्रामक इरादा दिखाया। टीम ने सिर्फ 2.4 ओवर में 50 रन पूरे कर लिए थे। प्रियांश ने 56 रन की तेज पारी खेली और पावरप्ले में ही अर्धशतक जड़ दिया।

इसके बाद कप्तान श्रेयस अय्यर ने जिम्मेदारी संभाली और 59 रन की नाबाद पारी खेली। कूपर कॉनोली ने भी 38 रन बनाकर योगदान दिया। एक समय 220+ स्कोर की ओर बढ़ रही पंजाब की पारी अचानक धीमी पड़ गई और टीम किसी तरह 200 के पार पहुंच सकी। अंत में सूर्यांश शेडगे ने 8 गेंदों में 21 रन बनाकर स्कोर को 210 तक पहुंचाया।

211 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए दिल्ली कैपिटल्स की शुरुआत बेहद खराब रही। पावरप्ले में ही टीम ने 33 रन के भीतर अपने तीन अहम विकेट गंवा दिए। अर्शदीप सिंह और यश ठाकुर ने शुरुआती झटके दिए।

इसके बाद कप्तान अक्षर पटेल ने पारी को संभाला। इस सीजन में संघर्ष कर रहे अक्षर ने शानदार वापसी करते हुए 30 गेंदों में 56 रन की तूफानी पारी खेली। उन्होंने अपनी पहली छक्के के साथ लय हासिल की और टीम को मैच में वापस ला दिया।

अक्षर पटेल का साथ डेविड मिलर ने बखूबी निभाया। लगातार टीम से अंदर-बाहर होने के बावजूद मिलर ने 28 गेंदों में 51 रन बनाकर अपनी क्लास दिखाई। दोनों के बीच अहम साझेदारी ने दिल्ली को लक्ष्य के करीब पहुंचा दिया।

आखिरी ओवरों में आशुतोष शर्मा ने 10 गेंदों में 24 रन की तेज पारी खेलकर मैच का रुख पूरी तरह दिल्ली की ओर मोड़ दिया। वहीं गेंदबाजी में भी योगदान देने वाले माधव तिवारी ने 8 गेंदों में 18 रन बनाकर दिल्ली को 6 गेंद शेष रहते जीत दिला दी।

इस हार के साथ पंजाब किंग्स की यह लगातार चौथी हार है, जिसने टीम की प्लेऑफ उम्मीदों को बड़ा झटका दिया है। वहीं दिल्ली कैपिटल्स ने इस जीत के साथ टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है और आगे के मुकाबलों में उनका आत्मविश्वास बढ़ गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *