जम्मू-कश्मीर में नेशनल कॉन्फ्रेंस के भीतर चल रही नाराजगी और असंतोष के बीच पार्टी अध्यक्ष डॉ. फारूक अब्दुल्ला ने बड़ा कदम उठाया है। पार्टी विधायकों के बीच बढ़ती दूरी और सरकार के कामकाज पर उठ रहे सवालों के बीच अब विधायकों को मंत्रियों के साथ जोड़ने की योजना बनाई गई है। इसके लिए फारूक अब्दुल्ला ने NC के विधायकों को पत्र लिखकर दो सप्ताह के भीतर अपनी पसंद के मंत्रियों के नाम देने को कहा है।
Knews Desk – फारूक अब्दुल्ला की ओर से भेजे गए पत्र में कहा गया है कि हाल ही में पार्टी के कुछ विधायकों के साथ हुई बैठक में यह फैसला लिया गया कि मंत्रिपरिषद के प्रत्येक सदस्य के साथ विधायकों के अनौपचारिक सलाहकार समूह बनाए जाएंगे। इन समूहों में शामिल विधायक पार्टी और सरकार के बीच एक पुल की तरह काम करेंगे।
पत्र के मुताबिक, संबंधित मंत्री अपने सलाहकार समूह के विधायकों के साथ नियमित बैठकें करेंगे। इन बैठकों में उन्हें विभागों की प्रमुख योजनाओं, नीतिगत फैसलों और सरकारी कामकाज में हो रही प्रगति की जानकारी दी जाएगी। यानी विधायकों को सरकार के फैसलों और विभागों की गतिविधियों से सीधे जोड़ने की कोशिश होगी।
पत्र में एक और अहम बात कही गई है। इसके मुताबिक, प्रत्येक विधायक अधिकतम दो सलाहकार समूहों का हिस्सा बन सकेगा। फारूक अब्दुल्ला ने विधायकों से कहा है कि वे अपनी पसंद के तीन मंत्रियों के नाम प्राथमिकता के क्रम में लिखकर दें, ताकि उनकी पसंद के मुताबिक सलाहकार समूहों का गठन किया जा सके।
सभी विधायकों से प्राथमिकताएं मिलने के बाद इन समूहों की सूची तैयार कर अधिसूचित की जाएगी। इस पूरी प्रक्रिया को दो सप्ताह के भीतर पूरा करने के निर्देश दिए गए हैं।
गौरतलब है कि नेशनल कॉन्फ्रेंस में हालिया कैबिनेट विस्तार के बाद पार्टी के भीतर असंतोष सामने आया था। कई विधायक मंत्रिमंडल में प्रतिनिधित्व और सरकार में अपनी भूमिका को लेकर नाराज बताए जा रहे थे। विधायकों की लगातार बैठकों और नेतृत्व के सामने अपनी मांगें रखने की खबरों के बीच अब फारूक अब्दुल्ला का यह पत्र काफी अहम माना जा रहा है।
राजनीतिक तौर पर इस पहल को पार्टी विधायकों को सरकार के साथ जोड़ने, उनकी भागीदारी बढ़ाने और संगठन तथा सरकार के बीच बेहतर तालमेल स्थापित करने की कोशिश के रूप में देखा जा रहा है। अब देखना होगा कि मंत्रियों के साथ सलाहकार समूह बनाने की यह व्यवस्था NC के नाराज विधायकों को कितना संतुष्ट कर पाती है और पार्टी के भीतर चल रही खींचतान को कम करने में कितनी कामयाब होती है।