डिजिटल डेस्क- महाराष्ट्र के पुणे से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहाँ ‘परफेक्ट सेल्फी’ लेने का शौक तीन युवाओं के लिए मौत का पैगाम लेकर आया। मावल इलाके के प्रसिद्ध जाधववाड़ी बांध पर पिकनिक मनाने गए तीन दोस्तों की पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। इस हादसे ने एक बार फिर खतरनाक पर्यटन स्थलों पर बरती जाने वाली लापरवाही और सेल्फी के जानलेवा क्रेज पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
एक फिसला, दो बचाने कूदे और तीनों नहीं लौटे
मृतकों की पहचान अजय गरुडे, अनिकेत पवार और संतोष येडके के रूप में हुई है। ये तीनों पुणे के भोसरी इलाके के रहने वाले थे और छुट्टी का आनंद लेने के लिए जाधववाड़ी बांध पहुंचे थे। प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, ये दोस्त बांध के किनारे खड़े होकर सेल्फी ले रहे थे। सेल्फी के लिए पोज देते समय अचानक एक युवक का पैर फिसल गया और वह संतुलन खोकर गहरे पानी में जा गिरा। अपने दोस्त को डूबता देख बाकी दोनों दोस्तों ने बिना सोचे-समझे उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। हालांकि, उन्हें पानी की गहराई और बहाव का अंदाजा नहीं था। देखते ही देखते तीनों दोस्त गहरे पानी में समा गए। मौके पर मौजूद लोगों ने शोर मचाया, लेकिन जब तक मदद पहुंचती, तब तक बहुत देर हो चुकी थी।
इलाके में एक ही दिन में चार मौतें
पुणे के मावल इलाके के लिए यह दिन किसी काले साये से कम नहीं रहा। जाधववाड़ी बांध की घटना के कुछ ही घंटों बाद इसी क्षेत्र की पवना नदी में भी एक अन्य युवक की डूबने से मौत की खबर आई। एक ही दिन में चार युवकों की मौत से भोसरी और मावल क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय गोताखोरों और प्रशासन ने घंटों की मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला।
हादसे के बाद प्रशासन ने अख्तियार किया कड़ा रूख
पुणे के इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने कड़ा रुख अख्तियार किया है और पर्यटकों के लिए सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। अधिकारियों ने आम नागरिकों से अपील की है कि मानसून की आहट और बांधों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए वे जलाशयों के किनारे जाने से बचें। प्रशासन द्वारा जारी सुरक्षा निर्देशों में स्पष्ट कहा गया है कि बांधों, नदियों और पहाड़ी ढलानों पर सेल्फी लेने के जुनून में किसी भी सूरत में सुरक्षा घेरा न लांघें और न ही पानी की गहराई का अंदाजा लगाए बिना किसी अज्ञात जलाशय में उतरने का जोखिम उठाएं। इसके साथ ही पर्यटन स्थलों पर लगे चेतावनी बोर्डों का सख्ती से पालन करने की हिदायत दी गई है।