KNEWS DESK- आम आदमी पार्टी से हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए राज्यसभा सांसद संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब में दो अलग-अलग एफआईआर दर्ज होने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। ये दोनों मामले गैर-जमानती धाराओं के तहत दर्ज किए गए हैं।
सूत्रों के मुताबिक, संदीप पाठक के खिलाफ पंजाब के दो जिलों में केस दर्ज हुआ है, जिसमें महिला शोषण और भ्रष्टाचार जैसे गंभीर आरोप शामिल हैं। जैसे ही पुलिस उनके दिल्ली स्थित आवास पंडारा पार्क पहुंची, वे वहां से पहले ही निकल चुके थे। मौके पर दिल्ली पुलिस की टीम और तिलक मार्ग थाने के अधिकारी मौजूद पाए गए।
जानकारी के अनुसार, संदीप पाठक हाल ही में AAP छोड़कर BJP में शामिल हुए थे। उनके इस फैसले को लेकर पहले ही राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज थीं। उन्होंने अपने इस्तीफे के दौरान कहा था कि उन्होंने 10 साल तक पार्टी में काम किया और हमेशा संगठन हित को प्राथमिकता दी, लेकिन अब उन्होंने अपना राजनीतिक रास्ता अलग कर लिया है।
इस पूरे घटनाक्रम को लेकर विपक्षी दलों ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। कई राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि 2027 के पंजाब विधानसभा चुनावों से पहले यह मामला AAP के लिए एक बड़ा राजनीतिक झटका साबित हो सकता है। वहीं AAP नेतृत्व अब आगे की रणनीति पर मंथन कर रहा है।
इसी बीच, पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी इस मामले को लेकर सख्त रुख अपनाया है। उन्होंने 5 मई को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से मुलाकात का समय तय किया है, जिसमें वे उन राज्यसभा सांसदों को वापस बुलाने की मांग उठा सकते हैं जो पार्टी छोड़कर दूसरी राजनीतिक पार्टियों में शामिल हो गए हैं।
पूरा मामला अब राजनीतिक और कानूनी दोनों स्तरों पर गरमाता दिख रहा है, और आने वाले दिनों में इसमें और भी बड़े अपडेट सामने आ सकते हैं।