बंगाल में 15 बूथों पर री-पोलिंग जारी, सुबह 9 बजे तक 16.23% मतदान दर्ज

KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल के दक्षिण 24 परगना जिले में स्थित दो विधानसभा क्षेत्रों डायमंड हार्बर और मगराहाट पश्चिम के 15 मतदान केंद्रों पर आज पुनर्मतदान कराया जा रहा है। इन सभी बूथों पर सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक वोटिंग प्रक्रिया जारी रहेगी। शुरुआती जानकारी के मुताबिक सुबह 9 बजे तक कुल 16.23 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया है।

इनमें से 11 बूथ मगराहाट पश्चिम और 4 बूथ डायमंड हार्बर विधानसभा क्षेत्र में शामिल हैं। आंकड़ों के अनुसार, मगराहाट पश्चिम में 16.88 प्रतिशत और डायमंड हार्बर में 15.83 प्रतिशत मतदान सुबह 9 बजे तक दर्ज किया गया।

यह पुनर्मतदान चुनाव आयोग के आदेश के बाद कराया जा रहा है। भारतीय जनता पार्टी ने इन बूथों पर ईवीएम में गड़बड़ी और छेड़छाड़ के गंभीर आरोप लगाए थे। पार्टी ने दावा किया था कि कुछ जगहों पर ईवीएम के बटन को टेप से ढक दिया गया था, जिससे मतदाताओं को असुविधा हुई। इन आरोपों से जुड़े फोटो और वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिसके बाद आयोग ने मामले का संज्ञान लिया।

निर्वाचन आयोग ने जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 58(2) के तहत कार्रवाई करते हुए इन बूथों पर मतदान रद्द कर दोबारा मतदान कराने का निर्णय लिया। यह प्रावधान गंभीर अनियमितताओं जैसे ईवीएम खराबी, बूथ कैप्चरिंग या चुनाव प्रक्रिया में बाधा की स्थिति में लागू किया जाता है।

इस बीच, कुछ मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें देखने को मिलीं। हालांकि कई मतदाताओं ने कहा कि उन्हें स्पष्ट रूप से यह जानकारी नहीं थी कि पुनर्मतदान क्यों हो रहा है। वहीं कुछ लोगों ने इलाके की बुनियादी समस्याओं जैसे खराब सड़कें और पानी की कमी को लेकर भी नाराजगी जताई।

फलता क्षेत्र में भी इसी तरह के आरोप सामने आए थे, जहां ईवीएम पर छेड़छाड़ के दावे किए गए थे। हालांकि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि जहां भी गड़बड़ी साबित होगी, वहां पुनर्मतदान कराया जाएगा। आयोग ने इस मामले में “जीरो टॉलरेंस” नीति अपनाने की बात कही है।

पश्चिम बंगाल में पहले और दूसरे चरण के मतदान में रिकॉर्ड वोटिंग दर्ज की गई है, जिससे चुनावी माहौल और भी गर्म हो गया है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि इन पुनर्मतदान केंद्रों पर मतदान प्रक्रिया शांतिपूर्ण तरीके से पूरी होती है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *