डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में पिछले दिनों हुई एक युवती की नृशंस हत्या ने प्रदेश की राजनीति में भूचाल ला दिया है। इस संवेदनशील मुद्दे पर अब मुख्य विपक्षी दल समाजवादी पार्टी और कांग्रेस ने योगी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सरकार पर गंभीर आरोप लगाते हुए पीड़ित परिवार को 5 लाख रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया है।
बीजेपी राज में बेटियां सबसे ज्यादा असुरक्षित– अखिलेश यादव
अखिलेश यादव ने लखनऊ में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान बीजेपी सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश आज महिलाओं और बेटियों के लिए देश का सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। अखिलेश ने आंकड़ों का हवाला देते हुए कहा, “यूपी में जब से बीजेपी की सरकार बनी है, तब से बहनों और बेटियों पर अत्याचार की घटनाएं रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई हैं। बीजेपी वाले महिला सशक्तिकरण के नाम पर रैलियां तो करते हैं, लेकिन गाजीपुर की बेटी के साथ जो हुआ, उस पर उनकी चुप्पी शर्मनाक है।”
प्रतिनिधिमंडल को रोकने पर भड़के अखिलेश
गाजीपुर में विपक्षी दलों के प्रतिनिधियों को पीड़ित परिवार से मिलने से रोकने पर अखिलेश यादव ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर उनके कार्यकर्ताओं और नेताओं के साथ बुरा व्यवहार किया गया। अखिलेश ने कहा, “बीजेपी नहीं चाहती कि हम ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के साथ खड़े हों। हमारे लोगों को पीड़ित परिवार से मिलने नहीं दिया जा रहा है, लेकिन हम डरने वाले नहीं हैं।” सपा प्रमुख ने ऐलान किया कि मंगलवार को सपा का एक और उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल गाजीपुर जाएगा, जिसमें स्थानीय विधायक और रीता विश्वकर्मा शामिल होंगी। सूत्रों के अनुसार, स्वयं अखिलेश यादव भी 29 अप्रैल को पीड़ित परिवार से मिलने गाजीपुर पहुंच सकते हैं।
जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर उठाए सवाल
अखिलेश यादव ने घटना स्थल की परिस्थितियों पर सवाल उठाते हुए कहा कि जहां बेटी की लाश मिली, वहां महज दो फीट पानी था, ऐसे में डूबने की बात गले नहीं उतरती। उन्होंने कहा, “अगर परिवार को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट पर शंका है, तो सरकार दोबारा जांच क्यों नहीं कराती? बीजेपी के मंत्री वहां जा रहे हैं, लेकिन वे सच को स्वीकार करने के बजाय पर्दा डालने में लगे हैं।” गाजीपुर कांड के साथ-साथ अखिलेश यादव ने आर्थिक मोर्चे पर भी सरकार को घेरा। उन्होंने भविष्यवाणी की कि 29 अप्रैल को पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण का मतदान संपन्न होते ही देश में डीजल और पेट्रोल के दाम तेजी से बढ़ा दिए जाएंगे। उन्होंने जनता को आगाह किया कि बीजेपी केवल चुनाव तक ही राहत का नाटक करती है।