KNEWS DESK- आईपीएल 2026 का सीजन अपने आधे पड़ाव पर पहुंच चुका है, लेकिन महेंद्र सिंह धोनी की वापसी को लेकर सस्पेंस लगातार बना हुआ है। चेन्नई सुपर किंग्स के फैंस लंबे समय से उनके मैदान पर लौटने का इंतजार कर रहे थे, लेकिन ताजा अपडेट ने इस उम्मीद पर फिलहाल ब्रेक लगा दिया है।
धोनी को पिंडली की चोट से उबरते हुए बताया जा रहा था और माना जा रहा था कि वह जल्द ही टीम के साथ मैदान में नजर आएंगे। लेकिन गुजरात टाइटंस के खिलाफ मैच के बाद CSK के हेड कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने जो बयान दिया, उसने उनके कमबैक पर अनिश्चितता और बढ़ा दी है।
फ्लेमिंग के अनुसार, धोनी की पिंडली की चोट, जिससे वह रिकवर कर रहे थे, वह उम्मीद से ज्यादा गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि शुरुआती तौर पर टीम ने सावधानी बरती थी, लेकिन एक वॉर्म-अप मैच के दौरान यह चोट फिर से बढ़ गई। इसके बाद धोनी की रिकवरी प्रक्रिया और धीमी हो गई।
कोच ने यह भी कहा कि धोनी लगातार मैदान पर लौटने की कोशिश कर रहे हैं और फिजियोथेरेपी व रिहैब पर पूरा ध्यान दे रहे हैं। हालांकि, उनकी फिटनेस को लेकर अंतिम फैसला पूरी तरह उन्हीं पर निर्भर करेगा।
मार्च की शुरुआत से ही धोनी टीम के साथ जुड़े हुए हैं और नेट्स पर उनकी बल्लेबाजी और कीपिंग की तस्वीरें भी सामने आई थीं, जिससे उनके खेलने की उम्मीदें बढ़ गई थीं। लेकिन अब स्थिति बदलती नजर आ रही है।
सबसे बड़ी चिंता यह है कि यदि धोनी पूरी तरह फिट नहीं होते हैं, तो संभव है कि वह इस पूरे सीजन में मैदान पर न उतरें। 44 वर्षीय धोनी पहले भी चोट के साथ खेल चुके हैं, लेकिन इस बार चोट की गंभीरता और रिकवरी में लग रहा समय CSK के लिए चिंता का कारण बन गया है।
फिलहाल, चेन्नई सुपर किंग्स उनके फिटनेस अपडेट का इंतजार कर रही है और फैंस भी उम्मीद लगाए बैठे हैं कि “कैप्टन कूल” एक बार फिर मैदान पर वापसी करें।