KNEWS DESK- पश्चिम बंगाल में चुनावी माहौल के बीच नरेंद्र मोदी ने सोमवार को बैरकपुर में आयोजित ‘विजय संकल्प रैली’ में बड़ा राजनीतिक संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने कहा कि यह राज्य में उनकी आखिरी चुनावी सभा है और अब वह 4 मई के बाद शपथ ग्रहण समारोह में हिस्सा लेने आएंगे।
रैली को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने राज्य की सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि पार्टी ने कोलकाता को लंदन बनाने का वादा किया था, लेकिन पिछले 15 वर्षों में शहर की पहचान को नुकसान पहुंचा है। उन्होंने घुसपैठ और शहरी व्यवस्था को लेकर भी गंभीर आरोप लगाए और कहा कि शहर की मूल पहचान को बचाने की जरूरत है।
नरेंद्र मोदी ने कहा कि वे पश्चिम बंगाल को केवल एक राजनीतिक राज्य नहीं बल्कि अपनी आध्यात्मिक यात्रा का एक महत्वपूर्ण हिस्सा मानते हैं। उन्होंने कहा कि इस धरती ने उनके जीवन में विशेष भूमिका निभाई है और यहां के लोगों का प्रेम उनके लिए प्रेरणा का स्रोत रहा है।
प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन में यह भी कहा कि उन्हें रैलियों और रोडशो के दौरान जनता से मिले संदेश, तस्वीरें और पत्र भावनात्मक रूप से जोड़ते हैं। उन्होंने बताया कि वे हर संदेश को ध्यान से पढ़ते हैं और लोगों की भावनाओं को समझते हैं।
बैरकपुर रैली को उन्होंने चुनावी अभियान की अपनी अंतिम सभा बताते हुए दावा किया कि राज्य में जनता का रुझान उनके पक्ष में दिखाई दे रहा है। उन्होंने भरोसा जताया कि चुनाव परिणाम आने के बाद उन्हें शपथ ग्रहण समारोह में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
इस रैली के साथ ही पश्चिम बंगाल में चुनावी सरगर्मी और तेज हो गई है और राजनीतिक बयानबाजी का दौर भी लगातार जारी है।