KNEWS DESK – रणवीर सिंह की फिल्म ‘धुरंधर: द रिवेंज’ बॉक्स ऑफिस पर रिकॉर्डतोड़ कमाई कर रही है। महज 6 दिनों में फिल्म ने दुनियाभर में 900 करोड़ रुपये के करीब का कारोबार कर लिया है। फिल्म की जबरदस्त पकड़ ने दूसरी बड़ी फिल्मों के सामने चुनौती खड़ी कर दी है। इसी बीच अक्षय कुमार की अपकमिंग फिल्म ‘भूत बंगला’ की रिलीज को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
क्या टल सकती है ‘भूत बंगला’?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, ‘भूत बंगला’ की टीम अब इस बात पर विचार कर रही है कि फिल्म को 10 अप्रैल को रिलीज किया जाए या एक हफ्ते के लिए आगे बढ़ा दिया जाए। 17 अप्रैल का स्लॉट फिलहाल खाली है, ऐसे में मेकर्स इस विकल्प पर भी नजर बनाए हुए हैं।
क्लैश पर क्या बोले अक्षय कुमार?
हाल ही में अक्षय कुमार ने ‘धुरंधर 2’ के साथ क्लैश को लेकर कहा था कि 21 दिन का गैप काफी होता है। उनका मानना है कि दोनों फिल्मों का जॉनर अलग है—एक एक्शन फिल्म है, जबकि ‘भूत बंगला’ एक फैमिली फैंटेसी हॉरर फिल्म है। इसलिए दोनों के दर्शक भी अलग होंगे।
जहां आमतौर पर फिल्मों की कमाई वीकेंड के बाद गिर जाती है, वहीं ‘धुरंधर 2’ ने वीकडेज में भी शानदार प्रदर्शन किया है। सोमवार और मंगलवार को भी फिल्म ने मजबूत कलेक्शन बनाए रखा, जिससे साफ है कि आने वाले दिनों में भी इसका दबदबा बना रह सकता है।
एकता कपूर की रणनीति
फिल्म की प्रोड्यूसर एकता कपूर इस स्थिति को लेकर पूरी तरह सतर्क हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, वह और अक्षय कुमार रिलीज डेट को लेकर हर पहलू पर बारीकी से नजर रख रहे हैं। उम्मीद है कि अगले 24 घंटों में इस पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।
‘भूत बंगला’ का ट्रेलर 27 मार्च को रिलीज करने की योजना है, लेकिन यह तभी संभव होगा जब फिल्म 10 अप्रैल को ही रिलीज हो। अगर फिल्म की डेट आगे बढ़ती है, तो ट्रेलर लॉन्च में भी देरी हो सकती है।