Knews Desk: अमेरिकी नौसेना का परमाणु संचालित विमानवाहक पोत USS अब्राहम लिंकन बुधवार सुबह थाईलैंड के मशहूर पर्यटन शहर पटाया पहुंच गया। करीब 250 दिनों की लंबी समुद्री तैनाती के बाद लाम चाबांग बंदरगाह के पास पहुंचे इस विमानवाहक पोत पर लगभग 5,000 अमेरिकी नौसैनिक और मरीन सवार हैं। जहाज के पटाया पहुंचने से पहले ही शहर में पुलिस की गतिविधियां तेज हो गईं और कई इलाकों में ताबड़तोड़ छापेमारी की गई।
अमेरिकी सैन्यकर्मियों के बड़ी संख्या में पटाया पहुंचने की खबर के साथ ही स्थानीय प्रशासन ने शहर में सुरक्षा और निगरानी बढ़ा दी। अधिकारियों ने सेक्स वर्करों और कथित वेश्यावृत्ति नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई शुरू की। खासतौर पर शहर के बीचफ्रंट और नाइटलाइफ वाले इलाकों में पुलिस की गश्त बढ़ाई गई। रिपोर्ट के मुताबिक, वीकेंड पर की गई कार्रवाई में वेश्यावृत्ति के संदेह में करीब 40 से 50 लोगों को हिरासत में लिया गया।दरअसल, पटाया लंबे समय से अपनी नाइटलाइफ, समुद्र तटों, क्लब और मनोरंजन के लिए दुनिया भर में प्रसिद्ध है। बैंकॉक से करीब 150 किलोमीटर दक्षिण-पूर्व में स्थित यह शहर थाईलैंड के प्रमुख पर्यटन केंद्रों में शामिल है। यहां का वॉकिंग स्ट्रीट और आसपास के मनोरंजन क्षेत्र पर्यटकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं। इसी वजह से अमेरिकी सैनिकों के आने से पहले प्रशासन को अवैध सेक्स ट्रेड से जुड़े जोखिमों की चिंता सताने लगी।
थाईलैंड में वेश्यावृत्ति कानूनी तौर पर प्रतिबंधित है। सार्वजनिक स्थानों पर ग्राहकों को आकर्षित करने, वेश्यालय चलाने और सेक्स वर्क से कमाई करने जैसी गतिविधियों के खिलाफ कानून मौजूद हैं। हालांकि, पटाया जैसे पर्यटन केंद्रों में इस उद्योग के लंबे समय से सक्रिय होने की बात सामने आती रही है। अमेरिकी सैन्यकर्मियों की बड़ी संख्या में मौजूदगी से प्रशासन को आशंका है कि अवैध गतिविधियां बढ़ सकती हैं और स्वास्थ्य एवं सुरक्षा से जुड़े जोखिम भी सामने आ सकते हैं।USS अब्राहम लिंकन के साथ अमेरिकी विध्वंसक पोत USS Frank E. Petersen Jr. भी क्षेत्र में पहुंचा है। विमानवाहक पोत के चालक दल के लिए यह लंबे समय बाद पहला पोर्ट कॉल है। जहाज नवंबर में सैन डिएगो से रवाना हुआ था और बाद में इसे मध्य पूर्व की ओर भेजा गया था। इस दौरान अमेरिकी सैनिकों ने ईरान के खिलाफ सैन्य अभियान में हिस्सा लिया।
अमेरिकी सैनिकों की मौजूदगी से पटाया के स्थानीय कारोबार को आर्थिक फायदा मिलने की उम्मीद भी है। होटल, रेस्तरां, बार और दुकानों को बड़ी संख्या में ग्राहकों से लाभ हो सकता है। पटाया के मेयर पोरामासे नगमपिचेस के मुताबिक, एक अमेरिकी सैन्यकर्मी अपनी ठहरने की अवधि और खर्च की प्राथमिकताओं के अनुसार रोजाना करीब 1,000 से 3,000 बाहत खर्च कर सकता है। हालांकि सुरक्षा और संचालन संबंधी कारणों से पूरे चालक दल को एक साथ शहर में जाने की अनुमति नहीं दी जाती, बल्कि उन्हें अलग-अलग शिफ्ट में छुट्टी दी जाती है।पटाया का अमेरिकी सैन्यकर्मियों से पुराना रिश्ता भी रहा है। वियतनाम युद्ध के दौरान अमेरिकी सैनिकों के आराम और मनोरंजन के लिए यहां आने के बाद यह शहर तेजी से पर्यटन केंद्र के रूप में विकसित हुआ। समय के साथ पटाया समुद्र तटों और नाइटलाइफ के लिए दुनिया भर में पहचान बनाने लगा।
विशेषज्ञों का मानना है कि हजारों लोगों की अचानक आमद से स्वास्थ्य और सुरक्षा संबंधी चुनौतियां बढ़ सकती हैं। यौन शोषण और यौन संचारित संक्रमणों के जोखिम को देखते हुए प्रशासन ने निगरानी बढ़ाई है। पटाया पुलिस प्रमुख अनेक स्राथोंगयू के मुताबिक इस समस्या पर पूरी तरह नियंत्रण पाना आसान नहीं है, लेकिन पुलिस अपनी ओर से लगातार कार्रवाई कर रही है।इस तरह USS अब्राहम लिंकन का पटाया पहुंचना जहां स्थानीय पर्यटन और कारोबार के लिए आर्थिक अवसर लेकर आया है, वहीं प्रशासन के सामने अवैध गतिविधियों पर नियंत्रण रखने और सुरक्षा सुनिश्चित करने की बड़ी चुनौती भी है।