Knews Desk- तृणमूल कांग्रेस (TMC) में हाल के दिनों में नेताओं के इस्तीफों और अंदरूनी हलचल के बीच पार्टी सांसद शत्रुघ्न सिन्हा को लेकर भी कई तरह की अटकलें लगाई जा रही थीं। चर्चा थी कि वह भी पार्टी से दूरी बना सकते हैं या किसी बागी गुट के साथ जा सकते हैं। हालांकि, अब खुद शत्रुघ्न सिन्हा ने इन सभी अटकलों पर विराम लगा दिया है।
एक बातचीत के दौरान उन्होंने साफ कहा कि वह तृणमूल कांग्रेस नहीं छोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब उनके राजनीतिक जीवन में कठिन समय आया था, तब ममता बनर्जी उनके साथ खड़ी थीं। ऐसे में वह भी मुश्किल दौर में उनका साथ नहीं छोड़ सकते।
शत्रुघ्न सिन्हा ने कहा कि पिछले कुछ दिनों से उनके बारे में कई तरह की बातें कही जा रही हैं। कुछ लोग तथ्यों के आधार पर बात कर रहे हैं, जबकि कुछ केवल अफवाहें फैला रहे हैं। उन्होंने कहा कि उन्हें बेबाक बोलने के लिए जाना जाता है और यदि सच बोलना बगावत है तो वह खुद को बागी कहे जाने से नहीं घबराते, लेकिन इसका मतलब यह नहीं है कि वह पार्टी छोड़ने जा रहे हैं। टीएमसी सांसद ने आसनसोल और पश्चिम बंगाल की जनता का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ममता बनर्जी के आग्रह पर ही उन्होंने आसनसोल से चुनाव लड़ा था और जनता के समर्थन से रिकॉर्ड मतों से जीत हासिल की। उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ने उन्हें भरपूर प्यार और सम्मान दिया है, जिसके लिए वह हमेशा आभारी रहेंगे।
शत्रुघ्न सिन्हा ने यह भी कहा कि उन्होंने हमेशा सभी लोगों के लिए काम किया है, चाहे उनका राजनीतिक विचार कुछ भी रहा हो। वह अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन आगे भी पूरी निष्ठा से करते रहेंगे। इससे पहले उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी सार्वजनिक जीवन में 12 वर्ष पूरे होने पर बधाई दी थी और उनके स्वस्थ एवं सफल जीवन की कामना की थी।