X Android App Update: नए डिजाइन और तेज परफॉर्मेंस के साथ आया नया ऐप, जानें क्या-क्या बदला

KNEWS DESK- सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पहले ट्विटर) ने एंड्रॉयड यूजर्स के लिए अपने ऐप का नया और रीडिजाइन वर्जन जारी कर दिया है। कंपनी ने इस अपडेट के जरिए ऐप की स्पीड, परफॉर्मेंस और यूजर एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने पर फोकस किया है। नया ऐप अब दुनिया भर के एंड्रॉयड यूजर्स के लिए Google Play Store पर उपलब्ध है।

कंपनी का कहना है कि नया एंड्रॉयड ऐप पुराने वर्जन में सुधार करने के बजाय पूरी तरह नए आर्किटेक्चर के साथ तैयार किया गया है। इसका उद्देश्य लंबे समय से चली आ रही स्लो स्पीड, स्क्रॉलिंग और लोडिंग जैसी समस्याओं को दूर करना है।

नए ऐप में क्या-क्या हुआ बदलाव?

X के नए एंड्रॉयड ऐप में यूजर्स को पहले की तुलना में ज्यादा स्मूथ नेविगेशन और बेहतर रिस्पॉन्स मिलेगा। कंपनी ने ऐप की स्क्रॉलिंग को तेज बनाया है, जिससे पोस्ट ब्राउज करने का अनुभव बेहतर होगा। इसके अलावा नोटिफिकेशन सिस्टम और ऐप की ओवरऑल रिलायबिलिटी में भी सुधार किया गया है। नए डिजाइन का फायदा यह होगा कि आने वाले समय में X पर नए फीचर्स जोड़ना आसान हो जाएगा।

X ने माना था कि एंड्रॉयड ऐप का अनुभव iOS वर्जन की तुलना में पीछे रह गया था। इसके बाद कंपनी ने एंड्रॉयड एक्सपीरियंस को बेहतर बनाने के लिए एक अलग इंजीनियरिंग टीम तैयार की। कंपनी के प्रोडक्ट हेड निकिता बियर ने इस प्रोजेक्ट को X के सबसे बड़े इंजीनियरिंग प्रयासों में से एक बताया है। उनके अनुसार, नए ऐप में तेज लोडिंग, बेहतर नेविगेशन और ज्यादा रिस्पॉन्सिव इंटरफेस दिया गया है।

पिछले कुछ समय से कई एंड्रॉयड यूजर्स को ऐप की धीमी स्पीड, पोस्ट लोड होने में देरी और शेयर किए गए लिंक खोलने में परेशानी जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। नए अपडेट के जरिए कंपनी ने इन्हीं समस्याओं को दूर करने की कोशिश की है। खासतौर पर पुराने एंड्रॉयड डिवाइस इस्तेमाल करने वाले यूजर्स के लिए परफॉर्मेंस सुधारने पर भी काम जारी है।

जल्द आएंगे कई नए फीचर्स

X ने बताया है कि नया ऐप लॉन्च होने के बाद भी डेवलपमेंट का काम जारी रहेगा। कंपनी आने वाले समय में एंड्रॉयड यूजर्स के लिए कई नए फीचर्स जोड़ने की तैयारी कर रही है। इनमें नया वीडियो एडिटर, वीडियो रिएक्शन, कैशटैग और कस्टम टाइमलाइन जैसे फीचर्स शामिल हो सकते हैं। इसके अलावा X अपने लाइव ऑडियो फीचर Spaces के लिए भी बेहतर सपोर्ट देने पर काम कर रहा है।

नए अपडेट के साथ X का लक्ष्य एंड्रॉयड यूजर्स को तेज, आसान और बेहतर सोशल मीडिया अनुभव देना है, ताकि प्लेटफॉर्म पर इस्तेमाल का तरीका पहले से ज्यादा सुविधाजनक हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *