लैपटॉप खरीदते समय यूजर्स की पहली पसंद क्या? 87% लोगों ने बताया सबसे जरूरी फीचर, AI का भी बढ़ा क्रेज

KNEWS DESK- Amazon के Best in Tech सर्वे में लैपटॉप और टैबलेट खरीदने वाले यूजर्स की पसंद सामने आई है। लैपटॉप में प्रोसेसर की परफॉर्मेंस सबसे अहम है, जबकि टैबलेट खरीदते समय ज्यादातर लोग डिस्प्ले की क्वालिटी और साइज को प्राथमिकता देते हैं।

टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल बढ़ने के साथ लैपटॉप और टैबलेट अब सिर्फ पढ़ाई या ऑफिस के काम तक सीमित नहीं रह गए हैं। लोग डिवाइस खरीदते समय परफॉर्मेंस, फीचर्स, बैटरी और AI जैसी तकनीकों पर भी खास ध्यान दे रहे हैं। Amazon के Best in Tech सर्वे में यूजर्स की खरीदारी से जुड़ी प्राथमिकताओं की तस्वीर सामने आई है।

सर्वे के मुताबिक, 87% लैपटॉप खरीदारों के लिए प्रोसेसर की परफॉर्मेंस सबसे महत्वपूर्ण फीचर है। यानी नया लैपटॉप खरीदते समय ज्यादातर यूजर्स सबसे पहले यह देखते हैं कि डिवाइस की स्पीड और प्रोसेसिंग क्षमता कैसी है। प्रोसेसर के बाद रैम और स्टोरेज तथा बैटरी लाइफ जैसे फीचर्स खरीदारों के लिए अहम हैं। खास बात यह है कि कई यूजर्स के लिए ब्रांड से ज्यादा डिवाइस के फीचर्स मायने रखते हैं। सर्वे में 53% लोगों ने कहा कि अगर उसी कीमत में किसी दूसरे ब्रांड से बेहतर फीचर्स मिलते हैं, तो वे अपना पसंदीदा ब्रांड बदल सकते हैं। वहीं, 48% खरीदार खरीदारी से पहले दो से तीन ब्रांड के मॉडल की तुलना करते हैं। केवल 18% लोग ही पहले से किसी एक ब्रांड को चुनकर खरीदारी के लिए आते हैं।

लैपटॉप खरीदने वालों के बीच आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस यानी AI फीचर्स का आकर्षण भी तेजी से बढ़ रहा है। सर्वे में 58% यूजर्स ने आने वाले AI फीचर्स को अपने काम के लिए बेहद उपयोगी माना। AI से जुड़े फीचर्स में 28% लोग ऑन-डिवाइस AI असिस्टेंट, 25% AI प्रोसेसिंग चिप और 23% AI आधारित कंटेंट क्रिएशन और एडिटिंग फीचर्स चाहते हैं। इससे संकेत मिलता है कि आने वाले समय में लैपटॉप खरीदते वक्त AI क्षमता भी एक बड़ा खरीदारी फैक्टर बन सकती है।

किस बजट में लैपटॉप खरीदना चाहते हैं लोग?

सर्वे में लैपटॉप के बजट को लेकर भी अलग-अलग पसंद सामने आई है।

  • 24% यूजर्स ₹40,000 से कम के लैपटॉप देख रहे हैं।
  • 28% यूजर्स ₹40,000 से ₹60,000 की रेंज पसंद कर रहे हैं।
  • 22% यूजर्स ₹60,000 से ₹80,000 के मॉडल देख रहे हैं।
  • 14% यूजर्स ₹80,000 से ₹1 लाख तक खर्च करने को तैयार हैं।
  • 12% यूजर्स ₹1 लाख से ज्यादा कीमत वाले लैपटॉप देख रहे हैं।

इस आंकड़े के मुताबिक ₹40,000 से ₹60,000 का सेगमेंट सबसे ज्यादा पसंद किया जा रहा है।

टैबलेट खरीदने वालों के लिए डिस्प्ले सबसे अहम

लैपटॉप के मुकाबले टैबलेट खरीदने वालों की प्राथमिकता कुछ अलग है। सर्वे के अनुसार 74% लोगों के लिए टैबलेट का डिस्प्ले साइज और क्वालिटी सबसे महत्वपूर्ण है। इसके बाद 12% यूजर्स ने कीमत और 9% ने प्रोसेसर को प्राथमिकता दी। यानी टैबलेट खरीदते समय बड़ी और अच्छी क्वालिटी वाली स्क्रीन यूजर्स के लिए सबसे बड़ा आकर्षण बनी हुई है।

टैबलेट के बजट की बात करें तो ₹20,000 से ₹35,000 की कीमत वाली रेंज सबसे ज्यादा पसंद की जा रही है। इस सेगमेंट को 59% यूजर्स ने अपनी पसंद बताया। टैबलेट खरीदने के पीछे भी अलग-अलग वजहें हैं। करीब 29% लोग इसे लैपटॉप के किफायती विकल्प के रूप में देखते हैं। वहीं 21% यूजर्स मीडिया और मनोरंजन के लिए टैबलेट खरीदना चाहते हैं, जबकि 17% लोगों के लिए इसकी पोर्टेबिलिटी यानी आसानी से कहीं भी ले जाना सबसे बड़ा कारण है।

Amazon के मुताबिक Best in Tech सर्वे में 40,000 से ज्यादा प्रतिक्रियाएं शामिल की गई हैं। इनसे सामने आए आंकड़ों का इस्तेमाल Best in Tech Awards के लिए भी किया जाएगा। सर्वे के नतीजे बताते हैं कि लैपटॉप बाजार में परफॉर्मेंस और AI फीचर्स का महत्व बढ़ रहा है, जबकि टैबलेट में डिस्प्ले और पोर्टेबिलिटी अभी भी खरीदारी के बड़े कारण हैं। ऐसे में आने वाले समय में टेक डिवाइस चुनते वक्त यूजर्स की प्राथमिकताओं में AI की भूमिका और मजबूत हो सकती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *