KNEWS DESK- सैमसंग ने ग्लोबल मार्केट में अपना नया Galaxy Book 6 लैपटॉप पेश कर दिया है. कंपनी ने इसे 14 इंच के WUXGA डिस्प्ले, Intel Core 5 प्रोसेसर और Galaxy AI फीचर्स के साथ लॉन्च किया है. इसकी बैटरी एक बार चार्ज करने पर 25 घंटे तक चलने का दावा किया गया है.
लैपटॉप खरीदने वालों के लिए सैमसंग ने नया विकल्प पेश किया है. Galaxy Book 6 को फिलहाल अमेरिका में लॉन्च किया गया है. इसमें कंपनी ने बेहतर परफॉर्मेंस के साथ Galaxy डिवाइसेज के बीच कनेक्टेड एक्सपीरियंस पर भी फोकस किया है. लैपटॉप में 16GB तक रैम और 1TB तक स्टोरेज का विकल्प मिलता है. हालांकि, कंपनी ने अभी तक भारत में Galaxy Book 6 की लॉन्च डेट को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है.
Samsung Galaxy Book 6 की शुरुआती कीमत 799 डॉलर यानी करीब 75,800 रुपये है. यह कीमत इसके 8GB रैम और 256GB स्टोरेज वाले बेस मॉडल की है. कंपनी ने लैपटॉप को 16GB रैम के विकल्प के साथ भी पेश किया है. स्टोरेज के लिए 256GB के अलावा 512GB और 1TB के विकल्प मिलते हैं. यह लैपटॉप वायलेट सिल्वर और ग्रे कलर में उपलब्ध है.
14 इंच का WUXGA डिस्प्ले
Galaxy Book 6 में 14 इंच का WUXGA LCD डिस्प्ले दिया गया है. इसका रिजॉल्यूशन 1,920 x 1,200 पिक्सल है और स्क्रीन का आस्पेक्ट रेशियो 16:10 है. डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 350 निट्स है. इसमें एंटी-रिफ्लेक्टिव कोटिंग भी दी गई है, जो स्क्रीन पर पड़ने वाली रोशनी की चमक को कम करने में मदद करती है.
Galaxy AI के साथ मिलेगा स्मार्ट एक्सपीरियंस
सैमसंग ने नए लैपटॉप में Galaxy AI फीचर्स को भी शामिल किया है. इसके अलावा Galaxy Book 6 को दूसरे Galaxy डिवाइसेज के साथ कनेक्ट करके इस्तेमाल करने की सुविधा मिलती है. परफॉर्मेंस के लिए इसमें Intel Core 5 प्रोसेसर तक का विकल्प दिया गया है. लैपटॉप में 15 TOPS NPU, 16GB तक LPDDR5X रैम और 1TB तक PCIe स्टोरेज मिलती है. यह Windows 11 Home या Windows 11 Pro 25H2 पर काम करता है.
कैमरा और ऑडियो फीचर्स
वीडियो कॉलिंग के लिए लैपटॉप में 2 मेगापिक्सल का कैमरा दिया गया है, जो 1080p फुल HD वीडियो रिकॉर्डिंग को सपोर्ट करता है. इसमें डुअल-एरे डिजिटल माइक्रोफोन भी मिलता है. ऑडियो के लिए स्टीरियो स्पीकर और Dolby Atmos का सपोर्ट दिया गया है, जिससे वीडियो देखने और म्यूजिक सुनने के दौरान बेहतर साउंड एक्सपीरियंस मिलने की उम्मीद है.
कनेक्टिविटी में मिलेंगे कई पोर्ट
Galaxy Book 6 में कनेक्टिविटी के लिए दो USB Type-C पोर्ट, एक USB Type-A पोर्ट, HDMI 1.4 और 3.5mm हेडफोन/माइक्रोफोन जैक दिया गया है. HDMI पोर्ट के जरिए 30Hz पर 4K रिजॉल्यूशन तक आउटपुट सपोर्ट मिलता है. वायरलेस कनेक्टिविटी के लिए इसमें Wi-Fi 6E और Bluetooth 5.4 दिया गया है.
25 घंटे तक चलेगी बैटरी
Samsung Galaxy Book 6 में 61.2Wh की बैटरी दी गई है. इसके साथ 45W अडैप्टर मिलता है. कंपनी का दावा है कि लैपटॉप एक बार फुल चार्ज होने के बाद 25 घंटे तक चल सकता है. फिलहाल Galaxy Book 6 को अमेरिका में लॉन्च किया गया है. भारतीय बाजार में इसे कब पेश किया जाएगा, इस बारे में सैमसंग की ओर से अभी आधिकारिक जानकारी का इंतजार है.