KNEWS DESK- फिलिप्स भारतीय स्मार्टफोन बाजार में अपना पहला 5G फोन उतारने की तैयारी में है. फोन की लॉन्च डेट सामने आ चुकी है. इसमें 120Hz डिस्प्ले, 64MP AI कैमरा, 16MP सेल्फी कैमरा और डुअल स्टीरियो स्पीकर जैसे फीचर्स मिलने की पुष्टि हुई है.

फिलिप्स भारतीय बाजार में स्मार्टफोन सेगमेंट में एक नई शुरुआत करने जा रही है. कंपनी जल्द ही अपना पहला 5G स्मार्टफोन लॉन्च करेगी. फोन का आधिकारिक नाम अभी तक सामने नहीं आया है, लेकिन Amazon पर जारी किए गए माइक्रोसाइट से इसकी लॉन्च डेट की जानकारी मिल गई है. कंपनी का नया 5G फोन 2 सितंबर 2026 को भारत में लॉन्च होगा. लॉन्च से पहले इसके डिजाइन और कई प्रमुख स्पेसिफिकेशंस भी सामने आ चुके हैं. फोन को तीन कलर ऑप्शन में पेश किए जाने की उम्मीद है.
Amazon पर फिलिप्स के नए स्मार्टफोन के लिए बनाए गए लैंडिंग पेज के मुताबिक, फोन की लॉन्चिंग 2 सितंबर को होगी. हालांकि, कंपनी ने अभी तक इसके आधिकारिक मॉडल नाम की पुष्टि नहीं की है. फोन को ब्लैक, ग्रे और व्हाइट कलर में देखा गया है. इसके पिछले हिस्से में ऊपरी बाईं तरफ एक उठा हुआ कैमरा मॉड्यूल दिया गया है. इसमें दो कैमरा लेंस वर्टिकल पोजिशन में नजर आते हैं, जबकि कैमरा सेटअप के साथ LED फ्लैश भी दिया गया है. फोन के किनारे गोल हैं और बैक पैनल के निचले हिस्से में Philips की ब्रांडिंग दिखाई देती है.
120Hz डिस्प्ले के साथ 64MP कैमरा
फिलिप्स के अपकमिंग 5G स्मार्टफोन में 120Hz रिफ्रेश रेट वाला डिस्प्ले मिलेगा. स्क्रीन में होल-पंच डिजाइन दिया गया है और इसके चारों तरफ स्लिम बेजल्स देखने को मिलते हैं. फोटोग्राफी के लिए फोन में 64 मेगापिक्सल का AI रियर कैमरा दिया जाएगा. वहीं, सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 16 मेगापिक्सल का फ्रंट कैमरा मिलेगा. रैम और स्टोरेज के लिहाज से भी फोन में दो विकल्प दिए जाने की जानकारी है. इसमें 6GB और 8GB RAM के साथ 128GB और 256GB स्टोरेज मिल सकती है.
डुअल स्टीरियो स्पीकर और IP64 रेटिंग
फोन में डुअल स्टीरियो स्पीकर दिए जाएंगे. कंपनी इसमें Ultra Max Audio सपोर्ट भी देगी, जिससे यूजर्स को बेहतर ऑडियो आउटपुट मिलने की उम्मीद है. इसके अलावा स्मार्टफोन को IP64 रेटिंग के साथ पेश किया जाएगा. इसका मतलब है कि फोन को धूल और पानी के छींटों से सुरक्षा मिलेगी. हालांकि, इसे पानी में डुबोकर इस्तेमाल करने के लिए डिजाइन नहीं किया गया है.
क्या होगा फोन का नाम?
फिलिप्स ने अभी नए 5G फोन के आधिकारिक नाम का खुलासा नहीं किया है. हालांकि, Amazon पर सामने आई एक पुरानी लिस्टिंग में इस डिवाइस को Philips S7221 नाम से देखा गया था. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कंपनी भारत में फोन को इसी नाम से लॉन्च करेगी या कोई दूसरा मॉडल नाम देगी. फोन की कीमत, प्रोसेसर, बैटरी और अन्य स्पेसिफिकेशंस की पूरी जानकारी लॉन्च के समय सामने आने की उम्मीद है.