KNews Desk: अगर सफर के दौरान अचानक कार स्टार्ट होना बंद हो जाए और वजह बैटरी डाउन होना हो, तो हर बार मैकेनिक का इंतजार करना जरूरी नहीं है। दूसरी सही बैटरी वाली कार और जंप केबल की मदद से कई मामलों में कार को दोबारा स्टार्ट किया जा सकता है। हालांकि, जंप स्टार्ट करते समय केबल को सही क्रम में लगाना बेहद जरूरी है, क्योंकि गलत कनेक्शन से कार के इलेक्ट्रिकल सिस्टम को नुकसान पहुंच सकता है। खासकर बारिश और ठंड के मौसम में बैटरी कमजोर होने की समस्या ज्यादा देखने को मिलती है।
बैटरी पूरी तरह खत्म होने से पहले कार कुछ संकेत दे सकती है। अगर इंजन स्टार्ट करते समय क्लिक-क्लिक की आवाज सुनाई देती है, हेडलाइट की रोशनी सामान्य से कम हो जाती है या पावर विंडो पहले की तुलना में धीरे चलती है, तो यह कमजोर बैटरी का संकेत हो सकता है। ऐसे संकेत मिलने पर बैटरी की जांच करा लेना बेहतर है। इससे रास्ते में अचानक कार बंद होने की परेशानी से बचा जा सकता है।अगर बैटरी डाउन हो जाए और जंप स्टार्ट करना हो, तो सबसे पहले एक ऐसी कार की जरूरत होगी जिसकी बैटरी सही हालत में हो। इसके अलावा अच्छी क्वालिटी की जंप केबल भी जरूरी है। दोनों कारों को सुरक्षित और समतल जगह पर पास-पास खड़ा करें, लेकिन ध्यान रखें कि दोनों गाड़ियां आपस में छूनी नहीं चाहिए। दोनों कारों का इंजन बंद करें, गियर को पार्क या न्यूट्रल में रखें और पार्किंग ब्रेक लगा दें। साथ ही हेडलाइट, म्यूजिक सिस्टम, AC और दूसरी इलेक्ट्रिकल चीजें बंद कर दें।
अब जंप केबल को सही क्रम में लगाना सबसे जरूरी चरण है। सबसे पहले लाल केबल का एक सिरा बंद कार की बैटरी के पॉजिटिव टर्मिनल पर लगाएं। इस टर्मिनल पर आमतौर पर ‘+’ या ‘POS’ लिखा होता है। इसके बाद लाल केबल का दूसरा सिरा सही बैटरी वाली कार के पॉजिटिव टर्मिनल से जोड़ें। फिर काली केबल का एक सिरा सही बैटरी वाली कार के निगेटिव टर्मिनल से जोड़ें, जिस पर ‘-’ या ‘NEG’ लिखा होता है।काली केबल का दूसरा सिरा बंद कार की बैटरी के निगेटिव टर्मिनल पर लगाने के बजाय इंजन के पास किसी साफ, बिना पेंट वाली मजबूत धातु की जगह से जोड़ना बेहतर होता है। केबल लगाते समय बेहद सावधानी रखें और लाल तथा काले क्लिप को एक-दूसरे से छूने न दें।
सभी कनेक्शन जांचने के बाद पहले सही बैटरी वाली कार को स्टार्ट करें। उसका इंजन कुछ मिनट तक चालू रहने दें, ताकि बंद कार की बैटरी को थोड़ी ऊर्जा मिल सके। इसके बाद अपनी कार स्टार्ट करने की कोशिश करें। कार स्टार्ट होने पर तुरंत इंजन बंद न करें और कुछ समय तक उसे चालू रहने दें।अगर कार स्टार्ट नहीं होती है, तो बार-बार कोशिश करने के बजाय केबल के कनेक्शन दोबारा जांचें। इसके बाद भी समस्या बनी रहे तो मैकेनिक या रोडसाइड असिस्टेंस की मदद लेना बेहतर है। ध्यान रखें कि जंप स्टार्ट केवल बैटरी से जुड़ी समस्या में काम आता है। अगर समस्या स्टार्टर, अल्टरनेटर या किसी अन्य इलेक्ट्रिकल पार्ट में है, तो जंप स्टार्ट से कार चालू नहीं होगी।