Rajasthan Nikay Chunav Result 2026: राजस्थान में नगर निकाय चुनाव की मतगणना शुरू, 309 निकायों में 38,889 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला

KNEWS DESK- राजस्थान नगर निकाय चुनाव 2026 के नतीजों की तस्वीर आज साफ हो रही है। 10,167 वार्डों में पड़े वोटों की गिनती सुबह 8 बजे से शुरू हो गई है। शिक्षा मंत्री मदन दिलावर के भाई कृष्ण मुरारी ने जीत दर्ज की है, जबकि झुंझुनूं में भी नतीजों का खाता खुल गया है। भरतपुर में चुनाव परिणाम मुख्यमंत्री की साख का अहम टेस्ट माना जा रहा है।

राजस्थान के 309 शहरी निकायों में हुए चुनाव के लिए 14 सितंबर को मतगणना शुरू हुई। दो चरणों में 9 और 11 सितंबर को हुए मतदान में 74.05 प्रतिशत वोटिंग दर्ज की गई थी। इस चुनाव में 38,889 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला होना है। वहीं, 77 प्रत्याशी पहले ही निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए जा चुके हैं। इनमें भाजपा के 44, कांग्रेस के 16 और निर्दलीय उम्मीदवारों की संख्या 17 है।

भाजपा-कांग्रेस ने की बाड़ेबंदी

नगर निकाय चुनाव के नतीजों के बाद अब मेयर, सभापति और नगरपालिका चेयरमैन के चुनाव पर सभी की नजरें हैं। दोनों प्रमुख दलों ने हॉर्स ट्रेडिंग की आशंका के चलते अपने-अपने दावेदारों को जयपुर, अजमेर और पुष्कर के बड़े रिसॉर्ट्स में ठहराया है। विजयी प्रत्याशियों को भी मतगणना के बाद सीधे सुरक्षित स्थानों पर ले जाने की तैयारी है।

21 सितंबर को होगा बड़ा फैसला

वार्ड पार्षदों के परिणाम आने के बाद नगर निकायों में अध्यक्ष पद के लिए राजनीतिक गतिविधियां तेज होंगी। मेयर, सभापति और नगरपालिका चेयरमैन के चुनाव 21 सितंबर को प्रस्तावित हैं। ऐसे में भाजपा और कांग्रेस के लिए बहुमत जुटाना सबसे बड़ी चुनौती होगी। राजस्थान निकाय चुनाव के नतीजे राज्य की आगामी राजनीतिक दिशा पर भी असर डाल सकते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *