महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भूषण ठाकरे ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के पहले करोड़पति बने हैं। उन्होंने कैमरे के डर, 7 करोड़ रुपये के सवाल, पिता से भावुक मुलाकात और जीती हुई रकम के निवेश प्लान को लेकर खुलकर बात की।
knews desk – अमिताभ बच्चन के क्विज शो ‘कौन बनेगा करोड़पति 18’ के पहले करोड़पति बने महाराष्ट्र के जलगांव जिले के भूषण ठाकरे ने खास बातचीत में अपनी पूरी यात्रा के बारे में बताया। उन्होंने पहली बार कैमरे का सामना करने के डर से लेकर 7 करोड़ रुपये के सवाल तक कई अनुभव साझा किए। उन्होंने उस भावुक पल के बारे में भी बताया, जब केबीसी की टीम ने करीब डेढ़ साल बाद उनके पिता से उनकी मुलाकात करवाई और उन्होंने जिंदगी में पहली बार अपने पिता को गले लगाया।
भूषण ठाकरे ने बताया कि अब उनके दोस्त उन्हें ‘भूषण’ के बजाय ‘करोड़पति’ कहकर बुलाने लगे हैं। उन्होंने कहा कि इस कामयाबी से उन्हें बहुत खुशी है और उनका पूरा मित्र परिवार भी उनकी सफलता से खुश है।
भूषण ने बताया कि पहली बार कैमरे के सामने आने को लेकर वह काफी डरे हुए थे। उन्होंने कहा कि उन्होंने इससे पहले कभी कैमरा फेस नहीं किया था और ऊपर से अमिताभ बच्चन के साथ स्क्रीन शेयर करनी थी। हालांकि, अमिताभ बच्चन ने उनसे बातचीत के दौरान उन्हें सहज महसूस कराया। केबीसी की टीम के सहयोग से वह अपने डर पर काबू पा सके।
1 करोड़ रुपये जीतने के बाद जब उनके सामने 7 करोड़ रुपये का सवाल आया तो उनके सामने बड़ी चुनौती थी। गलत जवाब देने पर उनकी रकम सीधे 5 लाख रुपये तक आ सकती थी। भूषण ने बताया कि अमिताभ बच्चन अक्सर समझाते हैं कि लालच और संतोष के बीच अंतर समझना जरूरी है, क्योंकि सही जवाबों के साथ लालच भी बढ़ता है। उनके मुताबिक 1 करोड़ रुपये उनके परिवार की 20-25 साल की कमाई के बराबर हैं। उन्हें सही जवाब पता था, लेकिन इतनी बड़ी रकम दांव पर होने के कारण उन्होंने जोखिम नहीं लिया।
हॉट सीट पर बैठने के अनुभव को याद करते हुए भूषण ने बताया कि उनका गला बहुत सूख गया था और वह बार-बार पानी पी रहे थे। हालांकि, अमिताभ बच्चन से बातचीत शुरू होने के बाद वह थोड़ा रिलैक्स हुए। उन्होंने कहा कि अमिताभ बच्चन सामने बैठे व्यक्ति के मन की स्थिति समझ लेते हैं और शांति से उसका हौसला बढ़ाते हैं।
अमिताभ बच्चन की पसंदीदा फिल्मों के बारे में पूछे जाने पर भूषण ने ‘ब्लैक’ का खास तौर पर जिक्र किया। उन्होंने कहा कि साल 2005 में आई रानी मुखर्जी के साथ अमिताभ बच्चन की फिल्म ‘ब्लैक’ उन्हें बेहद पसंद है और वह इसे भारतीय सिनेमा की सर्वश्रेष्ठ फिल्मों में से एक मानते हैं। बचपन में उन्हें ‘मर्द’ और ‘कुली’ पसंद थीं, जबकि हाल ही में ‘कल्कि’ में अमिताभ बच्चन का अश्वत्थामा का किरदार उन्हें मंत्रमुग्ध कर गया।
1 करोड़ रुपये जीतने के बाद घर फोन करने का पल भी भूषण के लिए बेहद भावुक रहा। उन्होंने बताया कि सबसे पहले उन्होंने अपनी मां को फोन किया, लेकिन मां इतनी भावुक होकर रोने लगीं कि उनसे बात ही नहीं हो पाई। इसके बाद केबीसी की टीम ने सेट पर ही करीब डेढ़ साल बाद उनके पिता से उनकी मुलाकात करवाई। भूषण ने बताया कि उन्होंने जिंदगी में पहली बार अपने पिता को गले लगाया। उनके मुताबिक वह एहसास शब्दों में बयां नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि अगर उनके पिता नहीं होते तो वह आज कुछ भी नहीं होते। अब वह चाहते हैं कि उनके पिता आगे काम पर न जाएं और परिवार की जरूरतें सीमित रखकर अगले 25-30 सालों तक उन्हें बाहर काम करने की जरूरत न पड़े।
भूषण करीब डेढ़ साल से भुसावल के हॉस्टल में रहकर अपनी तैयारी कर रहे थे। जब उनके माता-पिता ने उन्हें अचानक टीवी पर देखा तो उन्हें जोर का झटका लगा। इतने दिनों तक संपर्क न रखने के बाद बेटा अचानक टीवी पर दिखाई दिया, लेकिन इस हैरानी के साथ उन्हें खुशी भी हुई कि भूषण जिस मकसद से घर से निकले थे, उसे पूरा कर दिखाया।
मां के इलाज के लिए हजार रुपये मांगने पर जिन रिश्तेदारों ने उन्हें ताने दिए थे, उनके अब फोन आने को लेकर भूषण ने कहा कि उनके मन में किसी के लिए गुस्सा या बदले की भावना नहीं है। उन्होंने इसे अपनी जिंदगी का एक बुरा अध्याय बताया, जो अब बंद हो चुका है। अब उन रिश्तेदारों के फोन आने पर भी वह हंसकर और संतोष के साथ बात करते हैं। उनके मुताबिक केबीसी के सफर ने उन्हें सिखाया है कि पैसे के साथ संयम भी जरूरी है।
भूषण यूपीएससी की तैयारी भी कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि अगर उन्हें प्रशासन में जाने का मौका मिलता है तो वह रासायनिक खेती के बजाय जैविक खेती को बढ़ावा देना चाहेंगे। साथ ही ग्रामीण इलाकों में रोजगार के नए साधन तैयार करने की दिशा में काम करना चाहेंगे। उन्होंने महात्मा गांधी के गांवों को लेकर दिए विचार का भी जिक्र किया।
करोड़पति बनने के बाद भूषण का बाइक से भारत घूमने का सपना भी है। उन्होंने बताया कि कुछ दिन परिवार के साथ बिताने के बाद वह दोबारा पढ़ाई में जुटेंगे और मानसून में बाइक से ऐतिहासिक जगहों पर घूमने का सपना पूरा करेंगे। वहीं, 1 करोड़ रुपये की रकम के निवेश को लेकर उन्होंने कहा कि वह अपनी इच्छाओं पर काबू रखेंगे और हॉस्टल वार्डन व वरिष्ठ रिश्तेदारों की सलाह से रकम को सही जगह निवेश करेंगे, ताकि घर के खर्च और मां के इलाज के लिए स्थिर आमदनी आती रहे।