रणबीर कपूर और साई पल्लवी स्टारर ‘रामायण’ बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन कर रही है। फिल्म की सफलता के बीच इसकी टीम ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की, जहां उन्होंने पूरी टीम को बधाई दी।
knews desk – रणबीर कपूर की फिल्म ‘रामायण’ का क्रेज दर्शकों के बीच लगातार बढ़ता जा रहा है। फिल्म हर गुजरते दिन के साथ बॉक्स ऑफिस पर नए रिकॉर्ड बना रही है। दुनियाभर से मिल रही शानदार सफलता के बीच फिल्म की टीम ने गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की। इस दौरान अमित शाह ने फिल्म की पूरी टीम को सफलता के लिए बधाई दी और उनकी मेहनत की सराहना की।
गृह मंत्री अमित शाह से मिलने वाली टीम में फिल्म में भगवान राम का किरदार निभाने वाले रणबीर कपूर, मां सीता की भूमिका में नजर आईं साई पल्लवी, निर्देशक नितेश तिवारी, प्रोड्यूसर नमित मल्होत्रा और नमित मल्होत्रा की कंपनी प्राइम फोकस के बिजनेस हेड नीरज संघाई शामिल रहे। मुलाकात के दौरान फिल्म के विषय और इसे बड़े पर्दे पर उतारने के पीछे की सिनेमाई मेहनत को लेकर भी चर्चा हुई।
‘रामायण’ की सफलता का जश्न मना रही टीम
‘रामायण’ के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल से इस मुलाकात की कई तस्वीरें शेयर की गई हैं। तस्वीरों के साथ टीम ने लिखा कि उन्हें गृह मंत्री अमित शाह से मिलकर सम्मान महसूस हुआ। टीम ने बताया कि फिल्म को देशभर के साथ-साथ दुनियाभर के सिनेमाघरों में दर्शकों का भरपूर प्यार मिल रहा है।
https://www.instagram.com/p/DgMXPEWESHi/?
अमित शाह की ओर से फिल्म के विषय और इसके पीछे की सिनेमाई मेहनत की सराहना ने इस मुलाकात को टीम के लिए खास बना दिया। फिलहाल ‘रामायण’ की टीम फिल्म की सफलता का जश्न मना रही है। हाल ही में फिल्म से जुड़े कलाकार दिल्ली स्थित गुरुद्वारा बंगला साहिब भी दर्शन करने पहुंचे थे।
‘रामायण’ में ये सितारे भी आए नजर
‘रामायण’ में रणबीर कपूर और साई पल्लवी के अलावा यश, रवि दुबे, अरुण गोविल, लारा दत्ता, रकुल प्रीत सिंह, राघव जुयाल और विवेक ओबेरॉय जैसे कलाकार भी अहम भूमिकाओं में नजर आए हैं। यश ने फिल्म में रावण का किरदार निभाया है और वह फिल्म के को-प्रोड्यूसर भी हैं।
फिल्म की पूरी टीम अपनी मेहनत और अभिनय के जरिए दर्शकों का दिल जीत रही है। फिल्म दुनियाभर में 1700 करोड़ रुपये से ज्यादा का कारोबार कर चुकी है और इसकी कमाई का सिलसिला अभी जारी है।
‘रामायण’ देश की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों की लिस्ट में भी शामिल हो चुकी है। फिल्म की नजर अब देश की सबसे बड़ी फिल्म बनने के रिकॉर्ड पर है। फिलहाल यह रिकॉर्ड आमिर खान की ‘दंगल’ के नाम है, जिसने 2070 करोड़ रुपये का बिजनेस किया था। जिस तरह से ‘रामायण’ को दर्शकों का रिस्पॉन्स मिल रहा है, उसे देखते हुए फिल्म के आगे भी शानदार प्रदर्शन करने की उम्मीद जताई जा रही है।