KNEWS DESK- सोशल मीडिया पर इन दिनों ‘ग्राउट भर देंगे’ डायलॉग जमकर ट्रेंड कर रहा है। इसकी शुरुआत टाइल्स के काम से जुड़े एक साधारण वीडियो से हुई, लेकिन मिस्त्री के आत्मविश्वास से बोले गए इस एक डायलॉग ने इंटरनेट यूजर्स का ध्यान खींच लिया। देखते ही देखते यह लाइन मीम और रील्स का हिस्सा बन गई।
कहां से आया ‘ग्राउट भर देंगे’ वाला वीडियो?
यह वीडियो 28 सितंबर को टाइल्स कॉन्ट्रैक्टर नसीम अल्वी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर शेयर किया था। वीडियो में नसीम सीढ़ियों की टाइल्स के बीच मौजूद गैप दिखाते हुए वहां काम कर रहे मिस्त्री से पूछते हैं कि इसका क्या होगा। जवाब में मिस्त्री पूरे आत्मविश्वास से कहता है- ‘इसमें ग्राउट भर देंगे।’
वीडियो में मिस्त्री यह भी कहता है कि ग्राउट भरने के बाद पता नहीं चलेगा कि वहां कभी गैप था। नसीम ने वीडियो मिस्त्री के काम को दिखाने के लिए शेयर किया था, लेकिन लोगों का ध्यान टाइल्स से ज्यादा उसके इस डायलॉग पर चला गया।
ग्राउट क्या होता है?
ग्राउट एक गाढ़ा पेस्ट होता है, जिसका इस्तेमाल टाइल्स के बीच मौजूद खाली जगह को भरने के लिए किया जाता है। इसे सफेद सीमेंट, पानी और कभी-कभी रेत जैसी सामग्री से तैयार किया जाता है। टाइल्स के बीच ग्राउट भरने से पानी और गंदगी जाने की संभावना कम होती है और सतह साफ-सुथरी दिखाई देती है।
हर परेशानी का इलाज बना ‘ग्राउट भर देंगे’
वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इसके ऑडियो का इस्तेमाल रील्स और शॉर्ट्स में शुरू कर दिया। अब दिल टूटने, पैसे खत्म होने, नींद न आने, एड़ी फटने या दोस्ती में दरार पड़ने जैसी अलग-अलग परिस्थितियों में लोग मजाकिया अंदाज में लिख रहे हैं- ‘इसमें ग्राउट भर देंगे।’
कई क्रिएटर्स ने इसी डायलॉग को अलग-अलग मीम और वीडियो के साथ जोड़कर इस्तेमाल किया। मिस्त्री के आत्मविश्वास और लाइन की हर स्थिति में फिट बैठने वाली शैली ने इसे तेजी से वायरल कर दिया।
मिस्त्री कैसे बना इंटरनेट सेंसेशन?
जिस मिस्त्री ने यह डायलॉग बोला था, उसने शायद सोचा भी नहीं होगा कि उसकी एक साधारण बात इंटरनेट पर ट्रेंड बन जाएगी। अब सोशल मीडिया यूजर्स उसे ‘ग्राउट वाले मिस्त्री’ और ‘दिलों के मिस्त्री’ जैसे नाम दे रहे हैं।
इस ट्रेंड की सबसे खास बात यह है कि एक सामान्य काम से जुड़ी लाइन को लोगों ने अपनी रोजमर्रा की परेशानियों से जोड़ दिया। यही देसी अंदाज और मिस्त्री का कॉन्फिडेंस इस मीम ट्रेंड को इतना लोकप्रिय बना रहा है।