मसूरी-देहरादून मार्ग पर भारी बारिश के चलते कई स्थानों पर लैंडस्लाइड हुआ है. पहाड़ से मलबा, बड़े पत्थर और पेड़ सड़क पर गिरने से रास्ता बाधित हो गया. सड़क के दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लग गई और यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा.
Knews Desk- पहाड़ों की रानी मसूरी में लगातार हो रही बारिश ने एक बार फिर मुश्किलें बढ़ा दी हैं. सोमवार को मसूरी-देहरादून मार्ग पर कई जगह भूस्खलन होने से यातायात बुरी तरह प्रभावित हुआ. पहाड़ी से मलबे के साथ बड़े-बड़े बोल्डर और पेड़ सड़क पर आ गिरे, जिसके चलते कुछ हिस्सों में आवाजाही पूरी तरह रुक गई.
मिली जानकारी के मुताबिक, पानी वाले बैंड के पास भारी मात्रा में मलबा सड़क पर जमा हो गया. इसी दौरान एक पेड़ और कई बड़े पत्थर भी सड़क पर गिर गए. इससे मसूरी-देहरादून मार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई. वहीं गलोगी धार के पास भी पहाड़ी से मलबा और बोल्डर गिरने के कारण रास्ते पर यातायात बाधित रहा. पावर हाउस के आसपास भी सड़क पर मलबा आने की सूचना मिली.
सड़क पर लगा वाहनों का लंबा जाम
सड़क बाधित होने के बाद मसूरी और देहरादून की तरफ दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई. बड़ी संख्या में वाहन जाम में फंस गए. स्थानीय लोगों के अलावा मसूरी पहुंचने वाले पर्यटकों और दूसरे यात्रियों को भी काफी देर तक इंतजार करना पड़ा.
लगातार बारिश के कारण पहाड़ से मलबा और पत्थर गिरने का खतरा बना हुआ है. ऐसे में सड़क को साफ करने और यातायात बहाल करने में भी परेशानी आ रही है.
JCB से हटाया जा रहा मलबा
भूस्खलन की जानकारी मिलते ही लोक निर्माण विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं. जेसीबी मशीनों की मदद से सड़क पर जमा मलबे और बड़े पत्थरों को हटाने का काम शुरू किया गया. सड़क पर गिरे पेड़ को हटाने के लिए फायर सर्विस की टीम भी पहुंची. फायर कर्मियों ने पेड़ को काटकर सड़क से हटाने की कार्रवाई की.
विभागीय टीमें प्रभावित हिस्सों में लगातार काम कर रही हैं, ताकि मार्ग को जल्द से जल्द यातायात के लिए खोला जा सके. हालांकि बारिश जारी रहने की वजह से दोबारा भूस्खलन का खतरा बना हुआ है.
बारिश के दौरान यात्रा में सावधानी की अपील
मसूरी-देहरादून मार्ग पर बरसात के दौरान बार-बार हो रहे भूस्खलन ने यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है. संवेदनशील इलाकों में लगातार निगरानी रखी जा रही है. प्रशासन की ओर से भी बारिश के दौरान पहाड़ी मार्गों पर सफर करते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की जा रही है.
लगातार सड़क बंद होने से स्थानीय लोगों और पर्यटकों के साथ-साथ आपातकालीन सेवाओं को भी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. फिलहाल लोक निर्माण विभाग और फायर सर्विस की टीमें मलबा हटाने में जुटी हैं और प्रशासन की कोशिश है कि सड़क को जल्द सामान्य किया जा सके.