KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी की खुशियां कुछ ही घंटों में मातम में बदल गईं। उघैती थाना क्षेत्र के रियोनाई गांव में नवविवाहित युवक बबलू मौर्य की सुहागरात वाले दिन ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि रात में सोते समय जहरीले सांप ने उसे काट लिया, जिसके बाद उसकी हालत बिगड़ गई और अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। जिस घर में कुछ समय पहले तक शादी के गीत और खुशियां गूंज रही थीं, वहां अब चीख-पुकार मची हुई है। नवविवाहिता रश्मि इस हादसे से पूरी तरह टूट गई है। पति की अचानक मौत के बाद उसका रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के लोग भी इस दुखद घटना से सदमे में हैं। जानकारी के मुताबिक, रियोनाई गांव निवासी बबलू मौर्य की शादी गुन्नौर कोतवाली क्षेत्र के लौहरपुरा गांव की रहने वाली रश्मि से हुई थी। बुधवार को धूमधाम से बारात गई थी और शादी की सभी रस्में खुशी-खुशी पूरी हुईं। गुरुवार दोपहर दुल्हन की विदाई हुई और बबलू अपनी पत्नी को लेकर घर पहुंचा। घर में नई बहू के स्वागत की तैयारियां चल रही थीं और परिवार में उत्साह का माहौल था। परंपरा के अनुसार, रात में नवदंपति के लिए कमरे में जमीन पर बिस्तर लगाया गया था। दोनों आराम करने के लिए सो गए। इसी दौरान किसी जहरीले सांप ने बबलू की गर्दन पर काट लिया। रात में घटना का पता नहीं चल सका, लेकिन सुबह उसकी हालत बिगड़ने लगी। परिजनों ने जब उसे देखा तो उसके शरीर में कोई हरकत नहीं थी और गर्दन पर सांप के काटने का निशान दिखाई दिया।
परिवार के लोग आनन-फानन में उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। पहले उसे एक निजी अस्पताल ले जाया गया, इसके बाद बेहतर इलाज की उम्मीद में राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया। हालांकि डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक, सांप के जहर का असर होने के कारण उसकी मौत हो चुकी थी। दूल्हे की मौत की खबर सुनते ही परिवार और रिश्तेदारों में कोहराम मच गया। परिजनों को इस बात पर यकीन नहीं हो रहा था कि शादी के कुछ ही घंटों बाद घर का बेटा इस दुनिया से चला गया। उन्होंने डॉक्टरों की बात मानने से इनकार कर दिया और बबलू की जिंदगी बचाने की उम्मीद में उसे लेकर कई जगहों पर गए।
बताया गया कि परिजन उसे सहसवान के निजी अस्पताल से लेकर अन्य स्थानों तक ले गए। इसके बाद वे सपेरों और तांत्रिकों के पास भी पहुंचे, जहां काफी देर तक झाड़-फूंक कराई गई। परिवार को उम्मीद थी कि शायद किसी तरह उसकी सांसें वापस लौट आएं, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इस घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया है। शादी की खुशियां देखते ही देखते दुख में बदल गईं। नवविवाहिता रश्मि के लिए यह हादसा जिंदगी भर का दर्द बन गया है। वहीं, ग्रामीण भी इस घटना को लेकर स्तब्ध हैं और परिवार को सांत्वना दे रहे हैं।