तेज धूप में तिरंगा यात्रा पड़ी भारी! देवरिया में 40 से ज्यादा छात्राएं बेहोश, अस्पताल में भर्ती

Knews Desk– उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले में तिरंगा यात्रा के दौरान गुरुवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक के बाद एक 40 से अधिक छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई और वे बेहोश होकर गिरने लगीं. घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन सक्रिय हुआ और सभी छात्राओं को एंबुलेंस की मदद से मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया. यहां डॉक्टरों की टीम ने छात्राओं का इलाज शुरू किया.जानकारी के मुताबिक, कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका विद्यालय की सैकड़ों छात्राएं तिरंगा यात्रा में शामिल हुई थीं. जिला प्रशासन के आदेश पर यह यात्रा जीआईसी से रविंद्र किशोर शाही स्पोर्ट्स स्टेडियम तक निकाली गई थी. छात्राओं ने कई किलोमीटर तक पैदल यात्रा की. इस दौरान तेज धूप और गर्मी के बीच कई छात्राओं की अचानक तबीयत बिगड़ गई.बताया गया कि यात्रा के दौरान पहले कुछ छात्राएं बेहोश हुईं और इसके बाद लगातार छात्राओं की तबीयत खराब होने लगी. एक साथ बड़ी संख्या में छात्राओं के बीमार पड़ने से मौके पर मौजूद लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया. आनन-फानन में एंबुलेंस बुलाकर छात्राओं को मेडिकल कॉलेज के ट्रामा सेंटर पहुंचाया गया.

तेज गर्मी और डिहाइड्रेशन को बताया गया कारण

मेडिकल कॉलेज में छात्राओं के इलाज के लिए दो दर्जन से अधिक डॉक्टरों की टीम जुट गई. जिला अधिकारी समेत कई प्रशासनिक अधिकारियों ने भी अस्पताल पहुंचकर छात्राओं का हाल जाना और इलाज की जानकारी ली.जिला प्रशासन के मुताबिक, तेज धूप में कई किलोमीटर पैदल चलने के कारण छात्राओं के शरीर में पानी की कमी हो गई. डिहाइड्रेशन की वजह से उनकी तबीयत बिगड़ी और कुछ छात्राएं बेहोश हो गईं. हालांकि, अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों की निगरानी में उनका इलाज शुरू कर दिया गया.मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉक्टर एचके मिश्र ने बताया कि डॉक्टरों की टीम लगातार छात्राओं की निगरानी कर रही है. कुछ छात्राओं को जरूरत के मुताबिक ऑक्सीजन सपोर्ट भी दिया गया. अस्पताल प्रशासन ने कहा कि सभी छात्राओं की स्थिति फिलहाल ठीक है.कस्तूरबा गांधी राजकीय बालिका विद्यालय की प्रिंसिपल मंजू राय ने भी छात्राओं के स्वास्थ्य को लेकर जानकारी दी. उन्होंने बताया कि सभी छात्राओं की हालत अब ठीक है और उन्हें कुछ घंटे की निगरानी के बाद छुट्टी दी जा सकती है.

उन्नाव में भी तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ी

देवरिया के अलावा उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले में भी तिरंगा यात्रा के दौरान गर्मी और उमस के कारण तीन बच्चों की तबीयत बिगड़ गई. यह घटना हरदोई ओवरब्रिज के पास हुई, जहां विद्यालय के बच्चे तिरंगा यात्रा में शामिल हुए थे. अचानक तबीयत बिगड़ने पर बच्चों को तत्काल प्राथमिक उपचार दिया गया और ओआरएस पिलाया गया.लगातार बढ़ती गर्मी के बीच स्कूलों और प्रशासन की ओर से आयोजित होने वाले लंबे कार्यक्रमों में बच्चों के स्वास्थ्य को लेकर सावधानी बरतने की जरूरत है. देवरिया की घटना के बाद प्रशासन ने छात्राओं के इलाज और निगरानी की व्यवस्था की. फिलहाल सभी छात्राओं के स्वास्थ्य में सुधार बताया जा रहा है और स्थिति नियंत्रण में है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *