आंबेडकर जयंती पर मायावती का दमदार प्रदर्शन, बाबा साहेब को नमन करते हुए दिया बड़ा संदेश

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश में आज डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती पूरे उत्साह और व्यापक जनभागीदारी के साथ मनाई जा रही है। इस बार यह आयोजन केवल एक स्मृति दिवस तक सीमित नहीं है, बल्कि सामाजिक न्याय, जागरूकता और जनसंपर्क के बड़े अभियान के रूप में सामने आया है। प्रदेश के अलग-अलग जिलों में कार्यक्रमों की श्रृंखला चल रही है, वहीं राजधानी लखनऊ इस आयोजन का मुख्य केंद्र बना हुआ है। बहुजन समाज पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री मायावती ने अपने आवास पर डॉ. भीमराव अंबेडकर को श्रद्धासुमन अर्पित किए। इस अवसर पर उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं और समर्थकों के नाम एक विस्तृत संदेश भी जारी किया, जिसमें बाबा साहेब के विचारों और उनके संघर्ष को याद किया गया।

बाबा साहेब का पूरा जीवन गरीबों, उपेक्षितों और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए रहा समर्पित

मायावती ने अपने संदेश में कहा कि बाबा साहेब का पूरा जीवन देश के गरीबों, उपेक्षितों और शोषित वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विशेष रूप से महिलाओं और बहुजन समाज के अधिकारों की रक्षा के लिए जो संघर्ष किया, वह आज भी प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने यह भी कहा कि बाबा साहेब ने संविधान के माध्यम से सामाजिक न्याय और समानता की जो गारंटी दी, वह भारत के लोकतंत्र की सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने केंद्र और राज्य सरकारों पर भी अप्रत्यक्ष रूप से निशाना साधते हुए कहा कि यदि सत्ता में रही पार्टियां संविधान के मूल उद्देश्यों को पूरी ईमानदारी से लागू करतीं, तो आज भारत कहीं ज्यादा आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बन चुका होता। साथ ही समाज में व्याप्त गरीबी, बेरोजगारी और जातीय भेदभाव जैसी समस्याओं से काफी हद तक मुक्ति मिल चुकी होती।

बसपा के वरिष्ठ नेताओं संग अर्पित की श्रद्धांजलि

इधर, लखनऊ के गोमती नगर स्थित डॉ. आंबेडकर सामाजिक परिवर्तन स्थल पर भी बड़े स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। यहां सुबह 9:30 बजे बसपा के प्रदेश अध्यक्ष विश्वनाथ पाल वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ बाबा साहेब को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे। इस आयोजन को लेकर राजधानी में एक दिन पहले से ही माहौल गर्म हो गया था। सोमवार शाम तक ही करीब 25 हजार से अधिक समर्थक और कार्यकर्ता लखनऊ पहुंच चुके थे। शहर के विभिन्न इलाकों में बसपा के झंडे और बैनर दिखाई दे रहे हैं, वहीं कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। कई जिलों से आए लोग रातभर रुककर आज के कार्यक्रम में शामिल होने की तैयारी करते नजर आए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *