डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के कानपुर से एक बेहद गंभीर और संवेदनशील मामला सामने आया है, जहां प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही एक छात्रा ने एक सिपाही पर यौन शोषण का आरोप लगाया है। पीड़िता की शिकायत के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और आरोपी सिपाही से पूछताछ की जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, शारदानगर स्थित एक छात्रावास में रहने वाली छात्रा ने कोतवाली थाने में लिखित तहरीर देकर आरोप लगाया है कि उसके साथ धोखे से संबंध बनाए गए और बाद में उसे ब्लैकमेल किया गया। छात्रा ने बताया कि वह गणित विषय से मास्टर डिग्री करने के बाद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। तहरीर के मुताबिक, 19 जनवरी 2026 को वह परीक्षा देने के लिए सेंट्रल स्टेशन से आगरा जा रही थी, तभी ट्रेन में उसकी मुलाकात अलीगढ़ निवासी एक सिपाही से हुई। बातचीत के दौरान सिपाही ने खुद को कानपुर पुलिस लाइन में प्रशिक्षणरत बताया और भरोसा दिलाया कि वह उसकी नौकरी लगवाने में मदद करेगा।
शादी का प्रस्ताव रख बढ़ाई नजदीकियां
इसके बाद दोनों के बीच बातचीत का सिलसिला शुरू हो गया। आरोपी ने शादी का प्रस्ताव रखकर छात्रा का विश्वास जीता और धीरे-धीरे उसके करीब आने लगा। इतना ही नहीं, उसने छात्रा की मां से भी बात कर खुद को भरोसेमंद साबित करने की कोशिश की। छात्रा का आरोप है कि 22 फरवरी 2026 को सिपाही ने उसे पुलिस लाइन परिसर में शहीद स्मारक के पीछे मिलने के लिए बुलाया। वहां उसने शादी से पहले शारीरिक संबंध बनाने का दबाव बनाया। जब छात्रा ने इसका विरोध किया, तो सिपाही ने जबरदस्ती की और उसका यौन उत्पीड़न किया। पीड़िता के मुताबिक, आरोपी ने इस दौरान उसके कुछ आपत्तिजनक फोटो और वीडियो भी बना लिए। इसके बाद वह उन्हें वायरल करने की धमकी देकर बार-बार उसका शोषण करता रहा। छात्रा ने आरोप लगाया कि वह मानसिक दबाव में आ गई थी और डर के कारण किसी को कुछ नहीं बता पाई।
आरोपी सिपाही के दर्ज होंगे बयान
आखिरकार, जब स्थिति असहनीय हो गई, तो छात्रा ने साहस जुटाकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। इस मामले में कोतवाली इंस्पेक्टर जगदीश प्रसाद पांडेय ने बताया कि छात्रा की तहरीर प्राप्त हो गई है और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। पुलिस ने आरोपी सिपाही को सोमवार शाम पूछताछ के लिए बुलाया था और उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। साथ ही, मामले से जुड़े सभी साक्ष्यों जैसे कॉल रिकॉर्ड, मैसेज और कथित वीडियो की भी जांच की जाएगी। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी और दोषी पाए जाने पर सख्त कदम उठाए जाएंगे।