नोएडा में दोबारा भड़का मजदूरों का गुस्सा… पथराव, तोड़फोड़ और भारी पुलिस तैनाती से हालात तनावपूर्ण

KNEWS DESK- नोएडा में श्रमिकों का विरोध प्रदर्शन एक बार फिर उग्र हो गया है, जिससे शहर के कई इलाकों में तनाव का माहौल बन गया है। सोमवार को हुई हिंसा के बाद मंगलवार यानी आज सुबह भी हालात पूरी तरह सामान्य नहीं हो सके और कई जगहों पर मजदूरों ने पुलिस पर पथराव कर दिया। Noida के सेक्टर-121 में प्रदर्शनकारियों ने अचानक पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। इस दौरान गुस्साए मजदूरों ने बसों और अन्य वाहनों में तोड़फोड़ भी की, जिससे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

स्थिति बिगड़ते देख पुलिस ने तुरंत मोर्चा संभाला और हालात को काबू में करने के लिए अतिरिक्त बल बुलाया गया। सेक्टर-80 में भी इसी तरह की घटना सामने आई, जहां पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए प्रदर्शनकारियों को खदेड़ दिया। लगातार हो रही इन घटनाओं के चलते पूरे नोएडा में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और संवेदनशील इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

सेक्टर-70 में भी मजदूरों का जमावड़ा देखने को मिला, जहां प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच आमना-सामना हुआ। हालांकि पुलिस ने समय रहते हस्तक्षेप कर स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की और लोगों को शांत कराया। अधिकारियों का कहना है कि किसी भी तरह की हिंसा को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए हर जरूरी कदम उठाए जा रहे हैं।

मंगलवार को सेक्टर-63 स्थित एक फैक्ट्री के बाहर बड़ी संख्या में श्रमिक इकट्ठा हो गए। जानकारी के मुताबिक, फैक्ट्री प्रबंधन द्वारा 15 तारीख तक छुट्टी का नोटिस लगाए जाने के बाद कर्मचारी अपनी हाजिरी दर्ज कराने पहुंचे थे। उन्हें आशंका थी कि अगर उन्होंने पंचिंग नहीं की तो उनका वेतन कट सकता है, जिसके चलते वे बड़ी संख्या में फैक्ट्री गेट पर जमा हो गए।

मौके पर पहुंची पुलिस और पीएसी ने श्रमिकों को समझाने की कोशिश की और उन्हें भरोसा दिलाया कि उनकी सैलरी को लेकर कोई अन्याय नहीं होगा। अधिकारियों ने मजदूरों को शांत कर वापस भेज दिया और आश्वासन दिया कि उनकी मांगों पर गंभीरता से विचार किया जा रहा है।

दूसरी ओर, फैक्ट्री प्रबंधन ने पूरे घटनाक्रम को सुनियोजित बताते हुए इसमें बाहरी तत्वों के शामिल होने की आशंका जताई है। उनका कहना है कि यह प्रदर्शन एक योजना के तहत कराया गया है और इसमें तथाकथित “टूलकिट” का इस्तेमाल भी हो सकता है। इस दावे की जांच के लिए प्रशासन भी सतर्क हो गया है।

सोमवार की हिंसा के बाद पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। सेक्टर-6 समेत कई इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया और लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई। जगह-जगह पुलिस बल तैनात कर निगरानी बढ़ा दी गई है, ताकि किसी भी तरह की नई घटना को रोका जा सके।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और संवेदनशील क्षेत्रों में गश्त बढ़ा दी गई है। साथ ही, जहां भी भीड़ इकट्ठा होने की सूचना मिल रही है, वहां तुरंत कार्रवाई की जा रही है। प्रशासन ने साफ कर दिया है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *