कानपुर देहात से पूर्व सीएम अखिलेश यादव ने भाजपा पर कसा तंज

कानपुर देहात, रसूलाबाद। रसूलाबाद पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने सपा प्रत्याशी यदुनाथ संखवार के लिए विशाल जनसभा को संबोधित किया। कार्यक्रम संयोजक हाजी फैजान खान व अन्य सपाइयों ने सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष का जोरदार ढंग से स्वागत किया। इस दौरान समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रसूलाबाद में जनसभा को संबोधित करते हुए भाजपा पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने मीडिया से वार्ता करते हुए कहा कि निकाय चुनाव में बीजेपी की बुरी तरह से हार होने जा रही है, जनता कूड़ा,जलभराव, बंद पड़ी नालियों,सड़कों पर जाम, बिजली महंगी व हाउस टैक्स महंगा है। जनता इन बातों से परेशान है और इन्हीं बातों पर चुनाव होने जा रहा है। इस बार कूड़ा के साथ-साथ नगरीय निकाय चुनाव में भारतीय जनता पार्टी का भी सफाया होगा।

जिस देश के प्रधानमंत्री ने स्वयं झाड़ू लगाई और सफाई कर्मियों के पैर धोए हैं। ऐसे देश के प्रदेश में भाजपा वाले लूट मचाए हुए हैं। ऐसे लोगों की सफाई का काम समाजवादी पार्टी करेगी। प्रदेश सरकार में किसानों को भी ठगा जा रहा है। किसानों को उनके गेहूं की फसल का उचित मूल्य नहीं मिल रहा है।

गेहूं प्राइवेट हाथों में देकर अमीरों की जेब भरी जा रही है। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना करवाना चाहती है। जातीय जनगणना होने पर ही सबका साथ और सबका विकास संभव होगा। तभी रामराज्य स्थापित होगा। यह बात सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने रसूलाबाद की जनसभा में कही।

अखिलेश यादव ने कहा कि जब तक जातीय गणना नहीं होगी, तब तक समाजवाद नहीं होगा। जब तक समाजवाद नहीं होगा, तब तक रामराज्य भी नहीं होगा। समाजवादी पार्टी जातीय जनगणना करवाकर सबका विकास कराना चाहती है। उन्होंने कहा की वह अलीगढ़, मेरठ आदि सभी जगहों से होते हुए आए हैं।

 

About Post Author