बदायूंः शादी का झांसा देकर युवती से दुष्कर्म, फिर दिल्ली में 20 हजार में बेचा, चंगुल से छूटी तो घर में घुसकर पीटा

डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बदायूं जिले के सहसवान कोतवाली क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला और सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहाँ एक बेबस युवती को पहले तो शादी का झांसा देकर प्रेम जाल में फंसाया गया, फिर उसके साथ अस्मत लूटने का घिनौना खेल खेला गया। दरिंदगी की हदें तो तब पार हो गईं जब आरोपियों ने पीड़िता को महज 20 हजार रुपये की मामूली रकम के लिए देश की राजधानी दिल्ली में ले जाकर बेच दिया। इस खौफनाक मानव तस्करी शिकार पीड़िता किसी तरह अपनी जान बचाकर वापस लौटी, तो दबंगों ने उसके पूरे परिवार को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया है।

प्रेम का नाटक, हवस का शिकार और फिर २० हजार में सौदा

सहसवान कोतवाली क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली पीड़िता के परिजनों द्वारा लगाए गए आरोपों के मुताबिक, मुख्य आरोपी ने पहले युवती को अपनी मीठी-मीठी बातों में फंसाया और शादी करने का झूठा वादा किया। शादी का झांसा देकर आरोपी काफी समय तक युवती का शारीरिक शोषण (दुष्कर्म) करता रहा। जब युवती ने शादी का दबाव बनाया, तो आरोपी की नीयत डोल गई। उसने एक सोची-समझी साजिश के तहत युवती को बहला-फुसलाकर दिल्ली ले गया। दिल्ली ले जाकर आरोपी ने चंद रुपयों के लालच में पीड़िता को एक अन्य गिरोह के हाथों मात्र 20 हजार रुपये में बेच दिया। दिल्ली के उस नर्क में पीड़िता को बंधक बनाकर रखा गया, जहां उसे असहनीय मानसिक और शारीरिक यातनाएं दी गईं।

चंगुल से बचकर लौटी, तो घर में घुसकर किया हमला

किसी फिल्मी कहानी की तरह, पीड़िता ने हिम्मत नहीं हारी और मौका पाकर वह आरोपियों के चंगुल से भाग निकली। बदहवास हालत में किसी तरह सफर तय कर वह अपने पैतृक गांव बदायूं वापस पहुंची और परिजनों को अपने साथ हुई इस आपबीती की पूरी जानकारी दी। आरोप है कि पीड़िता के वापस लौटने की भनक लगते ही आरोपियों के हौसले और बुलंद हो गए। कानूनी कार्रवाई से बचने और पीड़िता का मुंह बंद रखने के लिए आरोपी जबरन युवती के घर में घुस गए। उन्होंने न सिर्फ पीड़िता के साथ दोबारा सरेआम छेड़छाड़ की, बल्कि जब परिवार के सदस्यों ने इसका कड़ा विरोध किया, तो दबंगों ने लाठी-डंडों से पूरे परिवार को बेरहमी से पीटकर लहूलुहान कर दिया।

पुलिस की शिथिलता पर उठे सवाल, सहमे हुए हैं परिजन

इस पूरे मामले में सबसे दुखद पहलू स्थानीय पुलिस का रवैया बताया जा रहा है। पीड़ित पक्ष का सीधा आरोप है कि इतनी बड़ी वारदात, बलात्कार, मानव तस्करी और जानलेवा हमले की लिखित शिकायत के बावजूद सहसवान थाना पुलिस कोई प्रभावी या ठोस कानूनी कार्रवाई नहीं कर रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से पीड़ित परिवार के भीतर गहरे भय, असुरक्षा और भारी आक्रोश का माहौल व्याप्त है। दबंग लगातार पुलिस की नाक के नीचे पूरे परिवार को केस वापस न लेने पर जान से मारने की धमकियां दे रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *