जसपाल राणा परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़, बेटे के निधन के कुछ दिनों बाद मां श्यामा देवी का भी हुआ निधन

KNEWS DESK- भारतीय निशानेबाजी जगत के लिए यह समय बेहद दुखद साबित हो रहा है। दिग्गज निशानेबाज और कोच जसपाल राणा के निधन के सदमे से परिवार अभी उबर भी नहीं पाया था कि अब उनकी मां श्यामा देवी राणा का भी निधन हो गया। इस दोहरे आघात ने पूरे परिवार को गहरे शोक में डुबो दिया है।

जानकारी के अनुसार, 78 वर्षीय श्यामा देवी राणा का नई दिल्ली के एक आर्मी अस्पताल में इलाज चल रहा था। परिवार के करीबी लोगों का कहना है कि बेटे जसपाल राणा के निधन के बाद उनकी तबीयत लगातार बिगड़ती चली गई। आखिरकार उन्होंने अस्पताल में अंतिम सांस ली।

श्यामा देवी, द्रोणाचार्य पुरस्कार से सम्मानित नारायण सिंह राणा की पत्नी थीं और परिवार की मजबूत आधारशिला मानी जाती थीं। उनके निधन की खबर से उत्तराखंड समेत खेल जगत में शोक की लहर दौड़ गई है।

गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही भारतीय निशानेबाजी के दिग्गज और देश के हाई-परफॉर्मेंस पिस्टल कोच जसपाल राणा का निधन हो गया था। वह म्यूनिख में आयोजित ISSF विश्व कप से लौटने के दौरान अस्वस्थ महसूस करने लगे थे। सीने में दर्द की शिकायत के बाद उन्हें दिल्ली के अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनकी स्टेंट सर्जरी भी हुई थी। इलाज के दौरान उनकी हालत में सुधार बताया जा रहा था, लेकिन अचानक उनके निधन की खबर ने खेल जगत को स्तब्ध कर दिया।

जसपाल राणा भारतीय निशानेबाजी के सबसे सफल खिलाड़ियों में गिने जाते थे। कम उम्र में विश्व स्तर पर पहचान बनाने वाले राणा ने राष्ट्रमंडल खेलों, एशियाई खेलों और कई अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में भारत का नाम रोशन किया। बाद में कोच के रूप में भी उन्होंने कई युवा खिलाड़ियों को तैयार किया और भारतीय शूटिंग को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

अब बेटे और मां, दोनों के निधन से राणा परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। खेल जगत और उनके शुभचिंतक परिवार के प्रति संवेदनाएं व्यक्त कर रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *