‘बिग बॉस 19’ की कंटेस्टेंट तान्या मित्तल को एकता कपूर ने शो में काम करने का ऑफर दिया था। अब प्रोड्यूसर ने साफ कर दिया है कि यह प्रोजेक्ट अभी भी बन रहा है और जल्द ही इस पर काम शुरू किया जाएगा।
Knews Desk – टेलीविजन की मशहूर प्रोड्यूसर एकता कपूर इन दिनों अपने नए सीरियल ‘दिल की बेवफाइयां’ को लेकर चर्चा में हैं। एकता कपूर गौरव खन्ना और श्रद्धा आर्या के साथ यह शो लेकर आई हैं। सीरियल का प्रसारण 24 नवंबर से स्टार प्लस और डिज्नी हॉटस्टार पर रात 9 बजे हो रहा है। इसी बीच एकता कपूर ने इंस्टाग्राम लाइव के दौरान तान्या मित्तल के साथ काम करने को लेकर बड़ा अपडेट दिया है।
एकता कपूर ने साफ कर दिया है कि ‘बिग बॉस 19’ की कंटेस्टेंट तान्या मित्तल के साथ उनका शो अभी भी बन रहा है। यानी ऐसा नहीं है कि उन्होंने तान्या को दिया हुआ ऑफर वापस ले लिया है या इस प्रोजेक्ट को भुला दिया है। इंस्टाग्राम लाइव के दौरान एकता ने इस प्रोजेक्ट को लेकर बात की और बताया कि वह जल्द ही तान्या के शो पर काम शुरू करने वाली हैं। उनके इस बयान के बाद उन अटकलों पर विराम लग गया है, जिनमें कहा जा रहा था कि शायद यह प्रोजेक्ट ठंडे बस्ते में चला गया है।
एकता कपूर ने लाइव के दौरान कहा, “मैं आपसे यह कहना चाहूंगी कि मैं जल्द ही तान्या मित्तल का शो शुरू करने वाली हूं। ये कुछ ऐसा होगा जिसकी लोगों को उम्मीद नहीं है, तो हमारे तान्या मित्तल वाले शो का इंतजार कीजिए। ऐसा नहीं है कि हम भूल गए हैं। कोई भी मीडिया पेज इस बात को लेकर बच नहीं पाएगा।”
तान्या मित्तल को एकता कपूर ने ‘बिग बॉस 19’ में ही उनके साथ काम करने का ऑफर दिया था। तान्या ने इस ऑफर को स्वीकार भी किया था। इसके बाद बिग बॉस के घर से बाहर आने के बाद भी एकता ने तान्या को अपना ऑफर याद दिलाया था।
फरवरी 2026 में तान्या ने एकता कपूर के साथ एक वीडियो शेयर किया था। इसमें प्रोड्यूसर ने बताया था कि वह तान्या को लिखित ऑफर भी दे चुकी हैं और उनके साथ काम करने का इंतजार कर रही हैं। अब एकता के नए बयान से साफ हो गया है कि तान्या के साथ यह प्रोजेक्ट अभी भी उनकी योजनाओं का हिस्सा है।
हालांकि, एकता कपूर ने इस लाइव के दौरान शो के नाम, कहानी या इसकी रिलीज डेट को लेकर कोई जानकारी साझा नहीं की है। उन्होंने सिर्फ इतना बताया है कि तान्या मित्तल के साथ शो जल्द शुरू किया जाएगा और यह प्रोजेक्ट दर्शकों की उम्मीद से कुछ अलग हो सकता है।