विधानसभा चुनाव की तैयारियों के बीच पंजाब कांग्रेस की प्रदेश चुनाव समिति की पहली बड़ी बैठक में उम्मीदवारों के चयन और सांसदों को चुनाव मैदान में उतारने को लेकर चर्चा हुई। सभी सुझाव केंद्रीय चुनाव समिति के पास भेजे जाएंगे और अंतिम फैसला कांग्रेस आलाकमान करेगा।
Knews Desk – पंजाब में अगले साल की शुरुआत में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी सिलसिले में चंडीगढ़ स्थित पंजाब प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में नवगठित 42 सदस्यीय प्रदेश चुनाव समिति की पहली बड़ी बैठक हुई।
पंजाब कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट और प्रदेश अध्यक्ष परगट सिंह की मौजूदगी में हुई इस बैठक में उम्मीदवारों के नाम जल्द घोषित करने को लेकर नेताओं के बीच अलग-अलग राय सामने आई।
बैठक में कुछ वरिष्ठ नेताओं ने जल्द प्रत्याशियों के नाम घोषित करने की पैरवी की। उनका तर्क था कि उम्मीदवारों को चुनाव प्रचार और तैयारियों के लिए पर्याप्त समय मिलना चाहिए। वहीं समिति के एक वर्ग ने टिकटों के ऐलान में जल्दबाजी से बचने की सलाह दी। इस पक्ष का कहना था कि चुनाव में अभी समय है और जमीनी समीकरणों के साथ विपक्षी दलों की रणनीति को देखने के बाद उम्मीदवार तय किए जाने चाहिए।
सांसदों को चुनाव लड़ाने पर भी बनी तस्वीर साफ नहीं
बैठक में मौजूदा सांसदों को विधानसभा चुनाव में उतारने के मुद्दे पर भी नेताओं की अलग-अलग राय सामने आई। एक पक्ष ने इसका समर्थन करते हुए कहा कि पार्टी की पहली प्राथमिकता चुनाव जीतना होनी चाहिए और अगर ‘विनिंग क्राइटेरिया’ के तहत सांसदों को मैदान में उतारना जरूरी हो तो ऐसा किया जाना चाहिए।
हालांकि, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष परगट सिंह ने बैठक के बाद साफ किया कि वरिष्ठ नेताओं के सभी सुझावों को तैयार कर केंद्रीय चुनाव समिति यानी CEC को भेजा जाएगा। सांसदों को चुनाव लड़ाने और टिकट वितरण के समय को लेकर अंतिम फैसला CEC और पार्टी आलाकमान ही करेगा।
35 से 40 सीटों पर संभावित दावेदारों को लेकर चर्चा
बैठक में पंजाब की करीब 35 से 40 विधानसभा सीटों पर भी चर्चा हुई, जहां संभावित दावेदारों की संख्या एक, दो या उससे अधिक है। इन सीटों पर आगे विचार के लिए मामला स्क्रीनिंग कमेटी के पास भेजा जाएगा।
बैठक में यह भी तय किया गया कि टिकट देने का आधार परिवारवाद या भाई-भतीजावाद नहीं होगा। पार्टी के मुताबिक सर्वे रिपोर्ट और ‘विनिंग एलिजिबिलिटी’ को टिकट का मुख्य आधार बनाया जाएगा। साथ ही आलाकमान की ओर से अंतिम सूची जारी होने के बाद किसी नेता की ओर से गुटबाजी नहीं करने की बात पर भी सहमति बनी।
बैठक में कांग्रेस के चुनावी घोषणा पत्र को लेकर भी चर्चा हुई। पार्टी ने अगले महीने 20 दिसंबर तक घोषणा पत्र तैयार करने का लक्ष्य रखा है।
इस बैठक में विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष प्रताप सिंह बाजवा, चुनाव अभियान समिति के प्रमुख चरणजीत सिंह चन्नी, अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग और सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत कई वरिष्ठ नेता शामिल हुए।
युवाओं और अनुभवी नेताओं को लेकर भी अलग-अलग राय
बैठक में युवाओं को चुनाव मैदान में उतारने को लेकर भी नेताओं के अलग-अलग विचार सामने आए। अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग पिछले कुछ समय से पंजाब में युवाओं और नए चेहरों को मौका देने की पैरवी करते रहे हैं।
वहीं कांग्रेस के एक धड़े का मानना है कि ऐसे पुराने नेताओं पर भी भरोसा किया जाना चाहिए जो चुनाव जिताने की क्षमता रखते हैं और जिनकी क्षेत्र में मजबूत पहचान है। इसी तरह सिटिंग सांसदों को विधानसभा चुनाव लड़ाने को लेकर भी मतभेद सामने आए और इस फैसले को पार्टी आलाकमान पर छोड़ दिया गया।
पंजाब कांग्रेस संगठन में बदलाव के जरिए पार्टी आलाकमान लंबे समय से चली आ रही गुटबाजी को कम करने की कोशिश कर रहा है। हालांकि, पार्टी के कई बड़े नेता अब भी अपने पसंदीदा नेताओं को टिकट दिलाने की पैरवी में जुटे हुए हैं।
इसी को देखते हुए आलाकमान की कोशिश है कि टिकट वितरण के दौरान किसी तरह का टकराव न हो। इसके लिए चुनाव समिति की बैठकें कर सभी नेताओं को एक साझा निर्णय तक लाने की कोशिश की जा रही है। अंतिम टिकट वितरण का फैसला केंद्रीय चुनाव समिति और पार्टी आलाकमान ही करेगा।