KNEWS DESK – छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने आज बस्तर में आयोजित मध्य क्षेत्रीय परिषद की 26वीं बैठक में शामिल होने पहुंचे उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का गर्मजोशी से स्वागत किया। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने उन्हें राजकीय गमछा भेंट कर छत्तीसगढ़ की समृद्ध पारंपरिक संस्कृति और आतिथ्य का परिचय दिया।
बस्तर में आयोजित इस अहम बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। मध्य क्षेत्रीय परिषद की इस 26वीं बैठक में विभिन्न राज्यों के बीच समन्वय, प्रशासनिक सहयोग, विकास योजनाओं और जनहित से जुड़े मुद्दों पर व्यापक चर्चा की जा रही है।
बैठक के दौरान मुख्यमंत्री विष्णु देव साय और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच कई महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने राज्यों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने, विकास योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और सुशासन को मजबूत करने पर जोर दिया।
इसके अलावा क्षेत्रीय विकास, सुरक्षा, बुनियादी ढांचे और आम जनता से जुड़े मुद्दों पर भी चर्चा हुई। बैठक में इस बात पर विशेष ध्यान दिया गया कि केंद्र और राज्य सरकारों के बीच तालमेल को और मजबूत बनाकर विकास कार्यों को गति दी जाए।
मध्य क्षेत्रीय परिषद की यह बैठक इसलिए भी अहम मानी जा रही है क्योंकि इसमें विभिन्न राज्यों के मुख्यमंत्री और वरिष्ठ अधिकारी एक मंच पर जुटे हैं। माना जा रहा है कि इस बैठक के जरिए राज्यों के बीच सहयोग को नई दिशा मिलेगी और विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण फैसले सामने आ सकते हैं।