दमोह के कबीरपुरा गांव में एक ही परिवार के चार लोगों की हत्या से सनसनी फैल गई। आरोप है कि पति ने सोते समय पत्नी और तीन बच्चों पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
Knews Desk– मध्य प्रदेश के दमोह जिले के कबीरपुरा गांव में एक दर्दनाक वारदात सामने आई है। यहां एक व्यक्ति पर अपनी पत्नी और तीन बच्चों की कुल्हाड़ी से हमला कर हत्या करने का आरोप है। मृतकों में आरोपी की पत्नी खेमा बाई, 7 साल की बेटी और 4 साल व 1 साल के दो बेटे शामिल हैं। घटना के बाद आरोपी कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी लेकर गांव के बाहर बैठा मिला, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया।
पुलिस के अनुसार, कबीरपुरा निवासी द्वारका पटेल और उसकी पत्नी खेमा बाई के बीच करीब एक साल से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि द्वारका शराब का आदी था और दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था। करीब एक साल पहले खेमा बाई की शिकायत पर पुलिस ने उसके पति के खिलाफ प्रताड़ना का मामला भी दर्ज किया था। बाद में दोनों के बीच समझौता हो गया और वे फिर साथ रहने लगे, लेकिन इसके बावजूद उनके बीच विवाद पूरी तरह खत्म नहीं हुआ था।
जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को एक बार फिर पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ। विवाद की जानकारी मिलने के बाद खेमा बाई के मायके वाले मौके पर पहुंचे और दोनों को समझाने की कोशिश की। कुछ देर बाद मायके वाले वहां से चले गए। आरोप है कि उनके जाने के बाद भी दोनों के बीच विवाद जारी रहा।
बताया जा रहा है कि रात में खेमा बाई अपने तीनों बच्चों के साथ सो गई। पुलिस के मुताबिक, शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात करीब 4 से 4:30 बजे के बीच द्वारका ने कथित तौर पर कुल्हाड़ी से पत्नी और बच्चों पर हमला कर दिया। हमले में चारों की मौत हो गई।
सुबह आसपास के लोगों को घटना की जानकारी हुई तो इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की। पुलिस ने चारों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी द्वारका पटेल को गांव के बाहर से हिरासत में लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल कुल्हाड़ी भी मिली है। जिला मुख्यालय से एसपी भी घटनास्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जानकारी ली।
फिलहाल पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और हत्या के पीछे की वजह समेत घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।