कौशांबी पटाखा फैक्ट्री ब्लास्ट: आरोपियों पर कसेगा गैंगस्टर एक्ट का शिकंजा, आदिल-नौशाद की संपत्तियों पर होगी कार्रवाई

Kaushambi Firecracker Factory Blast: कौशांबी में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई और तेज कर दी है. 11 लोगों की मौत वाले इस मामले में नामजद आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत केस दर्ज करने की तैयारी है. साथ ही अवैध तरीके से अर्जित की गई संपत्तियों को चिन्हित कर कुर्क करने की कार्रवाई भी की जाएगी.

Knews Desk- कौशांबी के पिपरी थाना क्षेत्र में अवैध पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद प्रशासन और पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है. इस हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत हो चुकी है. मामले में पुलिस जल्द ही नामजद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज करने की तैयारी में है.

पुलिस की कार्रवाई का फोकस आरोपियों की अवैध कमाई और उससे बनाई गई संपत्तियों पर भी है. अधिकारियों के मुताबिक आरोपियों की संपत्तियों की पहचान की जा रही है. इसके बाद गैंगस्टर एक्ट के तहत उन्हें कुर्क करने की कार्रवाई की जाएगी. आरोपी मोहम्मद आदिल, नौशाद अली और उनके सहयोगियों की संपत्तियों को कार्रवाई के दायरे में लाया जा सकता है.

मुख्य आरोपी नौशाद अली एनकाउंटर के बाद गिरफ्तार

पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपी नौशाद अली को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस के अनुसार एनकाउंटर के दौरान नौशाद के पैर में गोली लगी थी. उसके कब्जे से तमंचा और कारतूस भी बरामद किए गए हैं.

पुलिस के मुताबिक नौशाद अली आरोपी मोहम्मद आदिल का पिता है और उसे मामले का मुख्य आरोपी बताया जा रहा है. घटना के बाद से पुलिस लगातार उसकी तलाश कर रही थी. गिरफ्तारी के बाद उससे पूछताछ की जा रही है और विस्फोट से जुड़े दूसरे पहलुओं की भी जांच जारी है.

पुलिस अवैध तरीके से पटाखा बनाने और विस्फोटक सामग्री जमा करने के आरोपों में नामजद आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है. इसके साथ ही आरोपियों द्वारा अवैध गतिविधियों से अर्जित की गई संपत्तियों की जानकारी जुटाई जा रही है.

आदिल के गोदाम पर चल चुका है बुलडोजर

हादसे के बाद प्रशासन ने आरोपी मोहम्मद आदिल के गोदाम पर बुलडोजर कार्रवाई भी की थी. इसके अलावा आरोपियों से जुड़े अन्य गोदामों को भी ध्वस्त करने की कार्रवाई की गई है. प्रशासन की ओर से अब संपत्तियों को चिन्हित कर आगे की कार्रवाई की तैयारी की जा रही है.

पटाखा फैक्ट्री मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने के बाद विभागीय कार्रवाई भी की गई है. पिपरी थाना प्रभारी समेत तीन पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर किया गया है, जबकि दो सिपाहियों को निलंबित किया गया है. अधिकारियों के मुताबिक फैक्ट्री के अवैध संचालन की जानकारी होने के बावजूद कार्रवाई न करने के आरोपों के चलते यह कदम उठाया गया.

हादसे का वीडियो भी आया सामने

कौशांबी के मनौरी बाजार में हुए विस्फोट का वीडियो भी सामने आया है. वीडियो में धमाके के बाद आसमान में धुएं का बड़ा गुबार उठता दिखाई दे रहा है. इस हादसे में 11 लोगों की जान चली गई, जिसके बाद प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई तेज कर दी है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *