Knews Desk– उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को गोरखपुर दौरे के दौरान गोरखनाथ मंदिर में जनता दर्शन का आयोजन कर लोगों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने मुख्यमंत्री के सामने अपनी शिकायतें और समस्याएं रखीं। मुख्यमंत्री ने लोगों से सीधे संवाद किया और उनके प्रार्थना पत्रों का अवलोकन करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने लोगों को भरोसा दिलाया कि सरकार हर जरूरतमंद के साथ खड़ी है और उनकी समस्याओं का समाधान कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
जनता दर्शन में कई लोग इलाज के लिए आर्थिक सहायता की गुहार लेकर पहुंचे थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें आश्वस्त किया कि सरकार इलाज के लिए हर संभव मदद उपलब्ध कराएगी। उन्होंने कहा कि जरूरतमंद लोगों का आयुष्मान कार्ड बनवाया जाएगा, ताकि उन्हें उपचार कराने में परेशानी न हो। यदि इसके बाद भी किसी व्यक्ति को आर्थिक सहायता की जरूरत पड़ती है, तो मुख्यमंत्री विवेकाधीन कोष से मदद उपलब्ध कराने की व्यवस्था की जाएगी। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी पात्र और जरूरतमंद लोगों के आयुष्मान कार्ड जल्द से जल्द बनवाए जाएं।जनता दर्शन के दौरान देवरिया जिले से आए एक दिव्यांग व्यक्ति ने मुख्यमंत्री से इलाज के लिए सहायता मांगी। मुख्यमंत्री ने उसकी समस्या को गंभीरता से सुना और मौके पर मौजूद अधिकारियों को उसके इलाज की समुचित व्यवस्था करने के निर्देश दिए। बातचीत के दौरान जब मुख्यमंत्री को पता चला कि उस व्यक्ति का आयुष्मान कार्ड नहीं बना है, तो उन्होंने अधिकारियों से जल्द कार्ड बनवाने को कहा, जिससे उसे इलाज की सुविधा मिल सके।
मुख्यमंत्री ने दिव्यांग व्यक्ति से उसकी पेंशन के बारे में भी जानकारी ली। बातचीत में पता चला कि उसे पहले दिव्यांग पेंशन मिलती थी, लेकिन कुछ कारणों से पेंशन बंद हो गई थी। इस पर मुख्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों को उसकी पेंशन दोबारा बहाल कराने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ मिलने में अनावश्यक परेशानी नहीं होनी चाहिए।जनता दर्शन में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग मामलों से संबंधित प्रार्थना पत्र प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों को सौंपे। उन्होंने निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, निष्पक्ष और संतुष्टिप्रद तरीके से किया जाए। अधिकारियों को समस्याओं की गंभीरता के अनुसार कार्रवाई करने और शिकायतकर्ताओं को राहत दिलाने पर विशेष ध्यान देने को कहा गया।
गोरखनाथ मंदिर प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की दिनचर्या परंपरागत रही। सुबह उन्होंने गुरु गोरखनाथ के दर्शन किए और अपने ब्रह्मलीन गुरुदेव महंत अवेद्यनाथ जी का आशीर्वाद लिया। इसके बाद वह मंदिर की गोशाला पहुंचे, जहां उन्होंने गोसेवा की और गोवंश को अपने हाथों से गुड़ खिलाया। मुख्यमंत्री ने गोशाला के कार्यकर्ताओं से गोवंश के स्वास्थ्य और टीकाकरण की जानकारी ली। साथ ही, गोवंश की उचित देखभाल सुनिश्चित करने के लिए जरूरी दिशा-निर्देश भी दिए।जनता दर्शन के माध्यम से मुख्यमंत्री ने एक बार फिर अधिकारियों को जनसमस्याओं के त्वरित समाधान और जरूरतमंदों तक सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने पर जोर दिया। इलाज, पेंशन और अन्य शिकायतों को लेकर पहुंचे लोगों को राहत दिलाने के लिए उन्होंने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।