डिजिटल डेस्क- देश की राजधानी के मुखर्जी नगर इलाके में सोमवार की सुबह एक ऐसी वारदात हुई जिसने दोस्ती के रिश्ते को तार-तार कर दिया। एक नाबालिग ने अपने ही दोस्त की चलती स्कूटी पर पीछे बैठकर चाकू मारकर बेरहमी से हत्या कर दी। हमला इतना अचानक और घातक था कि पीड़ित को संभलने तक का मौका नहीं मिला। आधे घंटे तक सड़क किनारे तड़पने के बाद अस्पताल में युवक ने दम तोड़ दिया। पुलिस ने आरोपी नाबालिग को हिरासत में ले लिया है।
चलती स्कूटी बनी ‘डेथ बेड’
मृतक की पहचान 19 वर्षीय अमान के रूप में हुई है, जो अशोक विहार के संगम पार्क इलाके में रहता था और बुराड़ी की एक मीट शॉप पर काम करता था। सोमवार सुबह करीब 9 बजे अमान अपनी स्कूटी से ड्यूटी के लिए निकला था। उसके पीछे उसका नाबालिग दोस्त बैठा था। मुखर्जी नगर थाना क्षेत्र में पहुँचते ही पीछे बैठे नाबालिग ने अचानक चाकू निकाला और अमान पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमलावर ने अमान की पीठ और शरीर के ऊपरी हिस्से पर एक के बाद एक 6 वार किए। चाकू लगते ही अमान ने जैसे-तैसे स्कूटी रोकी, और मौका पाकर आरोपी वहां से फरार हो गया।
तड़पता रहा युवक, राहगीर बने तमाशबीन
वारदात के बाद अमान करीब आधे घंटे तक सड़क किनारे खून से लथपथ हालत में तड़पता रहा। कई राहगीर वहां से गुजरे, लेकिन काफी देर बाद किसी ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुँची पुलिस ने अमान को जहांगीरपुरी स्थित बाबू जगजीवन राम अस्पताल में भर्ती कराया। अत्यधिक खून बह जाने के कारण अमान की हालत नाजुक बनी हुई थी और करीब तीन घंटे तक चले इलाज के बाद डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
वारदात के पीछे की वजह: ‘रंजिश या सनक?’
पुलिस की गिरफ्त में आए नाबालिग आरोपी ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। आरोपी का दावा है कि अमान उसकी बहन पर अश्लील कमेंट करता था, जिससे वह काफी समय से गुस्से में था। इसी का बदला लेने के लिए उसने हत्या की साजिश रची। वह सोमवार को पूरी तैयारी के साथ घर से चाकू लेकर निकला था। वहीं, अमान के भाई रहमान और अन्य परिजनों का कहना है कि उन्हें इस विवाद के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। दोनों दोस्त हर रोज एक साथ काम पर जाते और आते थे। परिजनों का आरोप है कि यह एक सोची-समझी हत्या है, क्योंकि आरोपी पहले से ही हथियार छिपाकर लाया था। दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों के अनुसार, आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है। चूंकि आरोपी नाबालिग है, इसलिए उसे किशोर न्याय बोर्ड के समक्ष पेश किया जाएगा। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस वारदात में किसी और का भी हाथ था या क्या पहले भी इनके बीच कोई झगड़ा हुआ था।